महराजगंज जिले में पिछले चार दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिससे कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। रविवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने टेलफाल पहुंचकर नारायणी नदी का बढ़ा जलस्तर देखा। गंडक बैराज से करीब 4 लाख 16 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने से नदी का जलस्तर बढ़ा है। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को लगातार निगरानी और राहत-बचाव के इंतजाम करने के निर्देश दिए।
इसके बाद डीएम और एसपी निचलौल तहसील के गेड़हवा गांव पहुंचे। यहां भारी बारिश से करीब 350 परिवार प्रभावित हैं। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बात कर उनकी समस्याएं जानीं और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
डीएम ने एसडीएम निचलौल को प्रभावित परिवारों को राशन किट, कम्युनिटी किचन, मोबाइल मेडिकल यूनिट से स्वास्थ्य सेवाएं और पशुओं के लिए भूसे-चारे का इंतजाम करने को कहा। एसपी ने पुलिस व क्विक रिस्पांस टीमों को अलर्ट रहने, लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने के निर्देश दिए। निरीक्षण में एडीएम डॉ. प्रशांत कुमार, एसडीएम अवनीश त्रिपाठी, तहसीलदार अमित सिंह मौजूद थे।
महराजगंज में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात:डीएम-एसपी ने प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया, गेड़हवा में 350 परिवार प्रभावित
और पढ़ें
संबंधित खबरें
















































