श्रावस्ती ।जमुनहा तहसील ग्राम पंचायत शिकारी चौड़ा में स्थित है, वहीं आज उस समय हड़कंप मच गया जब सड़क निर्माण न होने से नाराज एक युवक हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर गांव स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया। टंकी के ऊपर तिरंगे के साथ युवक को देख मौके पर ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
घटना की सूचना तत्काल स्थानीय थाना मल्हीपुर पुलिस व तहसील प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल और तहसील स्तर के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों और पुलिस प्रशासन की कड़ी मशक्कत के बाद युवक को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारा गया।
सड़क की बदहाली से था आहत
नीचे उतारे जाने के बाद जब अधिकारियों ने युवक से पूछताछ की, तो उसने बताया कि इलाके में लंबे समय से सड़क निर्माण न होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार ध्यान आकृष्ट कराने के बावजूद समस्या का समाधान न होने पर उसे यह कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
प्रशासन ने दिया आश्वासन
मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने युवक की समस्या को गंभीरता से सुना और सड़क निर्माण को लेकर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद ही मामला शांत हो सका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तहसील परिसर के इतने नजदीक घटी इस घटना ने स्थानीय स्तर पर बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।






























