एक्सीलेंस लाइब्रेरी एंड कोचिंग सेंटर एवं भारत स्काउट गाइड उत्तर प्रदेश जिला संस्था महराजगंज के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार की शाम जिला विद्यालय निरीक्षक एवं मुख्यायुक्त स्काउट गाइड प्रदीप कुमार शर्मा के सेवानिवृत्त होने पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में शिक्षकों, स्काउट-गाइड पदाधिकारियों, विद्यार्थियों, प्रधानाचार्यों एवं गणमान्य लोगों ने उन्हें अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंटकर भावभीनी विदाई दी। वक्ताओं ने कहा कि प्रदीप कुमार शर्मा ने शिक्षा विभाग की जिम्मेदारियों के साथ विद्यार्थियों और युवाओं को बेहतर दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके सरल व्यवहार, आत्मीयता और मार्गदर्शन को सभी ने याद किया। जिला सचिव भारत स्काउट गाइड ने कहा कि उनके कार्यकाल में स्काउटिंग गतिविधियों को बढ़ावा मिला और युवाओं में अनुशासन, सेवा तथा नेतृत्व की भावना विकसित करने पर जोर दिया गया। सेवानिवृत्त डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा ने भावुक होकर कहा कि सरकारी सेवा की एक निर्धारित अवधि होती है, लेकिन विद्यार्थियों और समाज से जुड़ा रिश्ता कभी समाप्त नहीं होता। बच्चों के बीच बिताया समय उनके सेवाकाल की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल रहा। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। एक्सीलेंस लाइब्रेरी के निदेशक अभिषेक श्रीवास्तव ने कहा कि शर्मा का संस्था और विद्यार्थियों से विशेष आत्मीय जुड़ाव रहा। उन्होंने संस्था के शुभारंभ से लेकर विभिन्न शैक्षिक कार्यक्रमों में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति सरकारी पद से होती है, व्यक्तित्व के प्रभाव से नहीं। संचालक उमेश गुप्ता रहे। रॉशनी व सोनी रौनियार के विदाई गीत ने माहौल भावुक कर दिया। अंत में शर्मा ने बच्चों के बीच काफी समय बिताकर उन्हें दुलार दिया। समारोह में शशांक गुप्ता, नीलम त्रिपाठी, मौषम, दीनदयाल शर्मा, समशाद अंसारी, विनय यादव, हरिकेश कुमार व अजय सैनी सहित कई लोग मौजूद रहे।
सिसवा में विदाई समारोह में छलका स्नेह:सेवानिवृत्ति पर डीआईओएस प्रदीप शर्मा को भावभीनी विदाई, बोले- पद से सेवा खत्म
और पढ़ें
संबंधित खबरें









































