श्रावस्ती में चार दिनों तक हुई बारिश और तूफान थमने के बाद लोगों के सामने बिजली और मोबाइल नेटवर्क का संकट बड़ी परेशानी बन गया है। बृहस्पतिवार सुबह 9:00 बजे लोगों ने बताया कि पिछले छह दिनों से ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित है, कई क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क भी प्रभावित होने से लोगों को वॉइस कॉलिंग-इंटरनेट डाटा के लिए जूझना पड़ रहा। लोगों के मुताबिक घर के आसपास नेटवर्क नहीं मिलने से जरूरी ऑनलाइन काम के लिए उन्हें चार से पांच किलोमीटर दूर शहरी क्षेत्र के मोबाइल टावर की रेंज में जाना पड़ रहा है। टावर से कनेक्शन मिलने के बाद ही मोबाइल डाटा चल पाता है और ऑनलाइन काम पूरा हो रहा है। एडवोकेट मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि नेटवर्क समस्या के चलते उनका भी काम बाधित होता है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से मोबाइल फोन चार्ज करना भी लोगों के लिए चुनौती बन गया है। कई स्थानों पर मोबाइल चार्जिंग की दुकानों पर दिनभर लोगों की भीड़ देखी जा रही है। लोगों का आरोप है कि मजबूरी का फायदा उठाकर कुछ दुकानदार चार्जिंग के नाम पर अधिक पैसे वसूल रहे हैं। रविवार के बाद से मौसम साफ होने और हवा थमने के कारण सुबह करीब 11 बजे के बाद गर्मी बढ़ जाती है। वहीं रात में बिजली न होने से अंधेरे और उमस के बीच लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है। बिजली विभाग की ओर से क्षतिग्रस्त पोल और लाइनों को दुरुस्त करने का काम तेजी से किए जाने की बात कही जा रही। इससे लोगों को बिजली व्यवस्था जल्द बहाल होने की उम्मीद है, लेकिन मोबाइल नेटवर्क को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है। ऐसे में नेटवर्क कब तक सामान्य होगा, इसे लेकर ग्रामीणों में संशय बना हुआ है। समस्या का भी तत्काल समाधान बाबर, रेहान, पवन, अमित, अकबर, सुनील, बुधई, समेत बड़ी संख्या में लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि क्षतिग्रस्त विद्युत व्यवस्था को जल्द बहाल कराने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या का भी तत्काल समाधान कराया जाए, ताकि जरूरी कॉलिंग और ऑनलाइन काम के लिए लोगों को कई किलोमीटर दूर न जाना पड़े।
श्रावस्ती में छह दिन से बिजली गुल:मोबाइल नेटवर्क भी ठप, ऑनलाइन काम के लिए 4-5 किमी दूर जा रहे लोग
और पढ़ें
संबंधित खबरें












































