
तुलसीपुर नगर के रामलीला तालाब के पास स्थित प्राचीन पिंडदान स्थल इन दिनों बदहाली का शिकार है। यहां चारों तरफ गंदगी का अंबार लगा हुआ है और जलभराव व गंदा पानी बहने से पिंडदान करने आ रहे लोगों को परेशानी हो रही है। इस धार्मिक स्थल की दुर्दशा को लेकर श्रद्धालुओं में नाराजगी है। बुधवार को पिंडदान करने पहुंचे प्रिंस, गुड्डू, दीपक और संजय ने बताया कि यह तुलसीपुर का ऐतिहासिक और प्राचीन स्थल है। यहां लंबे समय से साफ-सफाई नहीं हुई है, जिससे गंदगी जमा हो गई है। स्थल के आसपास झाड़ियां भी उग आई हैं, जिससे आने-जाने में दिक्कत होती है। झाड़ियों के कारण जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा भी बना रहता है। लोगों ने बताया कि पिंडदान स्थल पर लगा प्लास्टर भी कई जगह से उखड़ गया है। परिसर की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। धार्मिक कार्य के लिए पहुंचने वाले लोगों को गंदगी के बीच पिंडदान करना पड़ रहा है। चारों तरफ गंदा पानी बहने से हालात और भी खराब हो गए हैं। श्रद्धालुओं ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि स्थल की नियमित सफाई कराई जाए। साथ ही, क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत और इसका सुंदरीकरण भी कराया जाए। लोगों का कहना है कि यह स्थल हिंदू धर्मावलंबियों की आस्था से जुड़ा है। यहां विभिन्न अवसरों पर लोग अपने पूर्वजों के निमित्त पिंडदान करने पहुंचते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल की उपेक्षा से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हो रही हैं। इस मामले में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अदनान फिरोज ने बताया कि पिंडदान स्थल की दुर्दशा की जानकारी मिली है। वहां सफाई का काम कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही स्थल का जीर्णोद्धार और जरूरी मरम्मत कार्य भी कराया जाएगा।
Home उत्तर प्रदेश तुलसीपुर का प्राचीन पिंडदान स्थल बदहाल:गंदगी और जलभराव से श्रद्धालु परेशान, जीर्णोद्धार...






























