
पचपेड़वा थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने होटल, चौराहों और सार्वजनिक जगहों पर पहुंचकर लोगों को साइबर ठगी के नए तरीकों और उससे बचने के उपायों की जानकारी दी। कॉस्टेबल राम आशीष विश्वकर्मा और हेड कांस्टेबल विजय गौड़ ने लोगों से बातचीत करते हुए बताया कि साइबर अपराधी अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाने की कोशिश करते हैं। वे कभी बैंक अधिकारी बनकर फोन करते हैं, तो कभी केवाईसी अपडेट, बिजली बिल, इनाम, नौकरी, लोन या अन्य लुभावने ऑफर के नाम पर ठगी करते हैं। पुलिसकर्मियों ने लोगों को ऐसे अनजान फोन कॉल, मैसेज और लिंक से सावधान रहने को कहा। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड, बैंक खाते की जानकारी या मोबाइल पर आने वाला वेरिफिकेशन कोड शेयर न करें। सोशल मीडिया पर अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से भी बचने को कहा गया। पुलिस ने लोगों को यह भी बताया कि अगर वे साइबर ठगी का शिकार हो जाते हैं, तो घबराने के बजाय तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। इससे ठगी हुई रकम को रुकवाने और मामले में कार्रवाई की संभावना बढ़ सकेगी। पुलिस के इस अभियान की लोगों ने तारीफ की और साइबर अपराध से सतर्क रहने का फैसला किया।
































