
श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल कस्बे में जमीनी विवाद को लेकर एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने भाई और भाभी पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। परतावल में किराए के मकान में रहने वाली सरोज पत्नी जिरजोधन ने पुलिस को शिकायत दी है। वह मूल रूप से भैसा थाना भिटौली की रहने वाली हैं। सरोज का अपने भाई संतोष पुत्र रामनगीना, शैलेष पुत्र रामनगीना और भाभी सलेहा पत्नी संतोष से जमीनी विवाद चल रहा है। यह लोग गोरखपुर जनपद के भटहट थाना गुलरिहा के निवासी हैं। यह विवाद अभी कोर्ट में चल रहा है। पीड़िता के मुताबिक, 30 अगस्त की रात करीब 11 बजे सभी आरोपी उसके कमरे पर आए। उन्होंने सरोज को भद्दी गालियां दीं। इसके बाद लाठी-डंडे और लात-घूंसों से उसकी पिटाई की। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। श्यामदेउरवा के एसओ सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।






























