
पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह के निर्देश पर थाना नगर पुलिस ने चोरी की एक घटना का खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कलवारी बृजेश सिंह की देखरेख में प्रभारी निरीक्षक नगर राम प्रसाद यादव और एसओजी प्रभारी विकास यादव की टीम को यह कामयाबी मिली है। पुलिस ने उनके पास से चोरी के 7 मोबाइल फोन, 7,700 रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल की गई 2 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त को फुटहिया चौराहे पर एक कार्यक्रम के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर पार्टी कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के मोबाइल फोन व नकदी चोरी कर ली गई थी। इस संबंध में थाना नगर में मामला दर्ज कर जांच की जा रही थी। 2 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर थाना नगर और एसओजी टीम ने संसारपुर शहीद स्मारक के आगे घेराबंदी की। वहां से दो मोटरसाइकिलों पर सवार 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सभी ने चोरी की घटना को कबूल किया। उन्होंने बताया कि वे चोरी के मोबाइल आपस में बांट लेते थे और बेचकर मिले पैसों को खर्च करते थे। गिरफ्तार आरोपियों में गोंडा जिले के थाना छपिया निवासी पासनाथ जायसवाल, पुरानी दिल्ली के भजनपुरा और उस्मानपुर निवासी संतोष बाजपेई और सुनील कुमार शामिल हैं। इसके अलावा, अंबेडकरनगर जिले के थाना जलालपुर के शाहपुर फिरोजपुर निवासी राकेश कुमार, समर और सत्यम कुमार भी पकड़े गए हैं। जांच में पता चला है कि गिरफ्तार सभी आरोपी पहले भी अपराधों में शामिल रहे हैं। पासनाथ जायसवाल के खिलाफ गाजियाबाद के कोतवाली थाने में आबकारी अधिनियम का एक मामला पहले से दर्ज है। संतोष बाजपेई के खिलाफ भी गाजियाबाद जीआरपी में आबकारी से जुड़ा मामला दर्ज है। वहीं, सुनील कुमार के खिलाफ मुजफ्फरनगर के सिविल लाइन थाने में चोरी का मामला दर्ज है। पुलिस अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।






























