
बहराइच के महसी इलाके में बिजली की खराब सप्लाई को लेकर बुधवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लगातार बिजली कटौती और अनियमित सप्लाई से परेशान लोगों ने आदर्श शुक्ला की अगुवाई में बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने महसी पावर हाउस से तहसील के बिजली सब-स्टेशन तक पैदल मार्च निकाला और बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग को लेकर जमकर नारे लगाए। पैदल मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग के अफसरों से इलाके की बिजली सप्लाई ठीक करने की मांग की। उनका कहना था कि महसी इलाके में बिजली की दिक्कत लंबे समय से है। अनियमित सप्लाई के कारण लोगों को तेज गर्मी में दिक्कत हो रही है। घर के कामों के साथ ही दुकानदारों और छोटे कारोबारियों का काम भी असर पड़ रहा है। तहसील पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने महसी के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में इलाके में नियमित और पूरी बिजली सप्लाई देने और बिजली कटौती की समस्या को जल्द खत्म करने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही बिजली व्यवस्था नहीं सुधरी तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।






























