
बहराइच की मोतीपुर तहसील के सुजौली थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत जंगल गुलरिहा में बाढ़ का खतरा फिर से बढ़ गया है। पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश और नेपाल से पानी छोड़े जाने के कारण चौधरी चरण सिंह घाघरा बैराज पर जलस्तर बढ़ रहा है। इसका असर घाघरा नदी से लगे निचले इलाकों में दिख रहा है। घाघरा नदी का जलस्तर बढ़ने से जंगल गुलरिहा से धर्मपुर रेतिया, रामपुर रेतिया और संपत्तपुरवा जाने वाले मुख्य मार्ग 418 पर बाढ़ का पानी बहने लगा है। सड़क पर पानी आने से ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। दोपहिया और छोटे वाहन चालकों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, बाढ़ का पानी अब खेतों तक पहुंच गया है। लगातार जलस्तर बढ़ने से पानी गांव की आबादी वाले इलाकों की ओर बढ़ सकता है। इससे लोगों को अपने घरों में पानी घुसने की चिंता सता रही है। ग्रामीणों ने कहा कि अगर घाघरा का जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा, तो आने वाले समय में हालात गंभीर हो सकते हैं। क्षेत्रीय ग्रामीण परशुराम, सत्या निषाद, राजेंद्र, डब्लू, बालकराम, अवधेश, अंजनी और देवेंद्र समेत कई अन्य ग्रामीणों ने बताया कि इलाके में बाढ़ का संकट फिर गहरा रहा है। मुख्य सड़क पर पानी आने के साथ ही खेत पानी में डूबने लगे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से हालात पर लगातार नजर रखने और जरूरत पड़ने पर राहत और बचाव के इंतजाम करने की मांग की है। ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। उनका कहना है कि अभी पानी सिर्फ सड़क और खेतों तक पहुंचा है। लेकिन, अगर घाघरा नदी का जलस्तर और बढ़ा तो पानी घरों में घुस सकता है। ऐसे में प्रशासन को समय रहते निगरानी और जरूरी इंतजाम करने चाहिए।






























