
बहराइच के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक युवक की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। युवक शौच के लिए घर से निकला था। जानकारी के मुताबिक, विशेश्वरगंज थाने से करीब 200 मीटर दूर गोंडा-बहराइच राजमार्ग के पास ईश्वरनाथ पुरवा गांव के रहने वाले रंजीत शुक्ला (32) पुत्र मिट्ठूलाल शुक्ला रात में शौच के लिए घर से बाहर गए थे। सड़क पार करते समय एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में रंजीत की मौके पर ही जान चली गई। हादसे की आवाज सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि रंजीत सड़क पर मृत पड़े थे। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष संदीप कुमार दुबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।






























