
बहराइच के खैरीघाट थाना क्षेत्र में लोकिहा मोड़ के पास मंगलवार रात करीब 10 बजे एक पिकअप और मिनी ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में छोटा हाथी के चालक के दोनों पैर टूट गए, जबकि मिनी ट्रक का चालक भी घायल हो गया। दोनों घायलों को शुरुआती इलाज के बाद बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, मिनी ट्रक (यूपी 40 सीटी 5387) बेहड़ा की तरफ से नानपारा जा रहा था। वहीं, छोटा हाथी (यूपी 40 बीटी 3680) नानपारा से बेहड़ा की ओर आ रहा था। लोकिहा मोड़ के पास दोनों वाहनों की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गाड़ियों को काफी नुकसान हुआ। हादसे में छोटा हाथी का चालक राजेंद्र कुमार, जो खैरा बाजार का रहने वाला है, बुरी तरह घायल हो गया। बताया गया है कि उसके दोनों पैर टूट गए हैं। मिनी ट्रक चालक राहुल कुमार, जो नानपारा का निवासी है, उसे भी चोटें लगीं। खबर मिलते ही खैरीघाट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सीएचसी नानपारा पहुंचाया। वहां शुरुआती इलाज के बाद डॉक्टरों ने दोनों को बहराइच मेडिकल कॉलेज भेज दिया। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने टक्कर में क्षतिग्रस्त हुए दोनों वाहनों को जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।






























