महराजगंज के निचलौल तहसील स्थित ठूठीबारी कस्बे में तेज डीजे की आवाज से मेडिकल स्टोर में रखी दवाओं की शीशियां टूट गईं। दुकान के संचालक त्रिपुरारी गुप्ता के मुताबिक, इससे हजारों रुपये का नुकसान हुआ। व्यापारियों ने प्रशासन से डीजे की आवाज पर रोक लगाने की मांग की है। गुप्ता मेडिकल स्टोर के संचालक त्रिपुरारी गुप्ता ने बताया कि गुरुवार सुबह दुकान खोलने पर रैक में रखी दवाओं की दर्जनों शीशियां नीचे टूटी हुई मिलीं। उनका कहना है कि जुलूस में बज रहे तेज डीजे की आवाज और कंपन से शीशियां हिलकर नीचे गिर गईं। इससे कई महंगी और जरूरी दवाएं टूट गईं। व्यापारियों का कहना है कि त्योहारों और जुलूसों में बिना अनुमति तेज आवाज में डीजे बजाए जाते हैं। इससे मरीजों, छात्रों और बुजुर्गों को परेशानी होती है और दुकानों में रखा सामान भी टूटता है। तेज आवाज से दुकानों के शीशे तक हिलने लगते हैं। व्यापारियों ने निचलौल प्रशासन और पुलिस से त्योहारों में डीजे की आवाज की सीमा तय करने की मांग की है। उन्होंने मानकों का उल्लंघन करने वाले डीजे संचालकों पर कार्रवाई की मांग भी की।