
महराजगंज जिला अस्पताल में मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। मौसम में लगातार बदलाव का असर लोगों की सेहत पर दिख रहा है। अस्पताल की ओपीडी में सर्दी, खांसी, बुखार और वायरल संक्रमण जैसी मौसमी समस्याओं से परेशान मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, दिन में गर्मी और सुबह-शाम मौसम बदलने से लोग तेजी से मौसमी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। मरीजों की संख्या बढ़ने से ओपीडी में काफी भीड़ दिख रही है। मरीज डॉक्टरों से जांच और इलाज कराने के लिए लाइन में लगे नजर आ रहे हैं। जिला अस्पताल में तैनात डॉक्टर ओमप्रकाश पटेल ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। डॉक्टर ने कहा कि पर्याप्त पानी पीएं, साफ-सफाई का खास ध्यान रखें और मौसम के हिसाब से कपड़े पहनें। उन्होंने यह भी सलाह दी कि बुखार या अन्य लक्षण लगातार बने रहने पर खुद से दवा लेने के बजाय डॉक्टर से सलाह लेकर इलाज कराएं।
































