श्रावस्ती। राप्ती योजक नहर खंड-6 की पुलिया पर लगभग 15 फीट से अधिक गहराई में तेज बहाव के बीच एक अज्ञात महिला द्वारा नहर में छलांग लगा दी गई थी। महिला को नहर में डूबता देख मौके पर मौजूद हल्का कांस्टेबल कैलाश यादव, थाना मल्हीपुर ने बिना किसी देरी के अदम्य साहस, तत्परता एवं मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तत्काल नहर में छलांग लगा दी और महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर उसकी जान बचाई।आरक्षी द्वारा विषम परिस्थितियों में अपनी जान की परवाह किए बिना महिला की जान बचाने के लिए किए गए इस सराहनीय एवं साहसिक कार्य की पुलिस अधीक्षक द्वारा भूरि-भूरि प्रशंसा की गई।उक्त साहसिक एवं मानवीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी द्वारा आरक्षी कैलाश यादव को *प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा ₹5,000/- का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। पुलिस अधीक्षक ने आरक्षी के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों का कर्तव्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि संकट के समय प्रत्येक व्यक्ति के जीवन एवं सुरक्षा की रक्षा करना भी है। आरक्षी की तत्परता, साहस एवं मानवीय संवेदनशीलता पुलिस की सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है।इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह पेशकार पुलिस अधीक्षक श्री भानु प्रताप सिंह तथा अन्य अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित रहें।






























