Home लेटेस्ट न्यूज़ सिसवारा घाट पर राप्ती का तेज कटान, मजदूरों ने मजदूरी में कटौती...

सिसवारा घाट पर राप्ती का तेज कटान, मजदूरों ने मजदूरी में कटौती का लगाया आरोप।

0
15

 

 

श्रावस्ती जनपद के इकौना तहसील क्षेत्र के सिसवारा घाट के पास राप्ती नदी का कटान तेज होने से सड़क और आसपास के क्षेत्र पर खतरा बढ़ गया है। नदी का पानी सड़क के किनारे तक पहुंच गया है और लगातार कटान होने से लोगों की चिंता बढ़ रही है। कटान रोकने के लिए कर्मचारी और मजदूर मौके पर काम कर रहे हैं।

इसी बीच काम कर रहे मजदूरों ने ठेकेदार पर मजदूरी में कटौती करने का आरोप लगाया है। मजदूरों का कहना है कि बोरी में मिट्टी भरने के काम की मजदूरी कई स्थानों पर करीब आठ रुपये प्रति बोरी बताई जाती है, जबकि उन्हें पांच रुपये प्रति बोरी के हिसाब से भुगतान किया जा रहा है। मजदूरों का आरोप है कि पूरे दिन मेहनत करने के बावजूद उन्हें उनकी मेहनत के अनुरूप मजदूरी नहीं मिल रही है।

सिसवारा निवासी मजदूर ननकू के साथ परसोत्तमपुर-पटकौली क्षेत्र के संदीप और राजू भी मौके पर काम कर रहे हैं। उनका कहना है कि वह लोग दिनभर मेहनत कर कटान रोकने के काम में जुटे हैं, लेकिन मजदूरी में कथित कटौती के कारण उन्हें आर्थिक परेशानी उठानी पड़ रही है। मजदूरों ने ठेकेदार पर कथित अनियमितता का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है।

मजदूर ननकू के सिर में चोट लगी है और पट्टी बंधी होने के बावजूद वह मौके पर काम कर रहे हैं। उनका कहना है कि मजदूरी से ही उनके परिवार का खर्च चलता है। पूरे दिन काम करने के बाद मिलने वाली रकम से उनके बच्चे घर के लिए जरूरी सामान खरीदकर लाते हैं। ऐसे में मजदूरी में कटौती होने से परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो जाता है।

मजदूरों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कराई जाए और उन्हें काम के अनुसार उचित मजदूरी दिलाई जाए। उनका कहना है कि यदि उन्हें मेहनत के मुताबिक भुगतान मिलेगा तो वे और बेहतर तरीके से काम कर सकेंगे। वहीं राप्ती नदी के लगातार कटान को देखते हुए लोगों ने सड़क और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित रखने के लिए प्रभावी इंतजाम किए जाने की भी मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here