
सिंदुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सिंदुरिया निवासी दिनेश तिवारी से साइबर ठगों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल कर 29 हजार रुपये ठग लिए। ठग ने एक परिचित पुलिसकर्मी की आवाज में फोन कर दिनेश को फंसाया। ठग ने दिनेश के पिता के अस्पताल में भर्ती होने की बात कही और तुरंत पैसों की जरूरत बताकर खाते में रकम भेजने को कहा। दिनेश के मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई थी, जिसे उनकी बेटी परिधि ने उठाया। फोन करने वाले ने खुद को सिंदुरिया थाने में तैनात परिचित पुलिसकर्मी बताया। उसने दिनेश से बात की और उसके पिता के इलाज के लिए रुपये मांगे। आवाज परिचित पुलिसकर्मी जैसी होने के कारण दिनेश को कोई शक नहीं हुआ। उन्होंने ठग के बताए गए खाते में कुल 29 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुछ देर बाद मोबाइल पर आए मैसेज से पैसे ट्रांसफर होने का पता चला, जिसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित दिनेश ने सिंदुरिया थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने साइबर ठग के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस सम्बंध में थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला ने बताया कि आवश्यक कार्यवाई करते हुए क्राइम ब्रांच की टीम काम कर रही है जल्द ही पीड़ित को पैसे दिलाने की कोशिश की जारही है।
































