
श्रावस्ती के जमुनहा ब्लॉक की ग्राम पंचायत कटकुइयां में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व मनाया गया। इस मौके पर गांव के राधा-कृष्ण मंदिर को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनियों से सजाया गया था। देर शाम से ही मंदिर परिसर में सैकड़ों श्रद्धालु जुटने लगे थे। कार्यक्रम की शुरुआत शाम 7 बजे भजन-कीर्तन और सुंदरकांड पाठ से हुई। स्थानीय बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण की जीवन लीलाओं पर आधारित झांकियां प्रस्तुत कीं। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का समय आते ही मंदिर परिसर “नंद घर आनंद भयो, हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद महाआरती और प्रसाद बांटा गया। मंदिर के पुजारी पंडित रामनरेश मिश्रा ने बताया कि हर साल की तरह इस साल भी जन्माष्टमी पर भक्तों में उत्साह दिखा। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव हमें प्रेम, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। देर रात तक भक्त भजनों में लीन रहे। ग्रअजय कुमार वर्मा ने कहा कि कटकुइयां गांव में सभी समुदाय के लोगों ने मिलकर यह त्योहार मनाया। शांति बनाए रखने के लिए युवाओं की टीम ने सहयोग किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन गांव में आपसी भाईचारा और एकता को बढ़ाते हैं। वहां मौजूद एक बुजुर्ग भक्त रामलखन यादव (68) ने बताया कि वे बचपन से यहां जन्माष्टमी देखते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बार सजावट और भीड़ अधिक थी। छोटे बच्चे कृष्ण-राधा के रूप में अच्छे लग रहे थे। पूरे कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन की तरफ से सुरक्षा व्यवस्था भी ठीक रही और कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से पूरा हुआ।
Home उत्तर प्रदेश श्रावस्ती के कटकुइयां गांव में धूमधाम से मनी जन्माष्टमी:जमुनहा ब्लॉक में सैकड़ों...
































