फैजी हुसैन | शिकारी चौरा(जमुनहा), श्रावस्ती2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

श्रावस्ती: विकास खंड जमुनहा के भटपुरवा गांव में स्थित श्री राम जानकी मंदिर में आज शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस मौके पर मंदिर परिसर में भगवान श्रीकृष्ण के लिए एक बहुत सुंदर और दिव्य झूला सजाया गया है।
मंदिर के मुख्य गर्भ गृह और मंडप को रंग-बिरंगी झालरों, गुब्बारों और फूलों से सजाया गया है। भगवान के झूले को लाल चुनरी और फूलों की मालाओं से मनमोहक बनाया गया है। मंदिर परिसर में सुबह से ही भजन-कीर्तन चल रहा है और ‘जय श्री कृष्णा’ के नारे गूंज रहे हैं।
जन्माष्टमी के इस खास मौके पर भटपुरवा और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। रात में श्रद्धालु दर्शन-पूजन कर रहे हैं और बाल गोपाल को झूला झुलाकर पुण्य कमा रहे हैं। मंदिर प्रांगण में महिलाएं पारंपरिक सोहर और बधाई गीत गा रही हैं, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया है।
मंदिर समिति ने सुरक्षा और व्यवस्था के पूरे इंतजाम किए हैं, ताकि किसी को कोई परेशानी न हो।


































