डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। बेंगलुरु के गिरीनगर इलाके के वीरभद्रनगर में कबाड़ का काम करने वाले एक व्यक्ति सड़क किनारे झुलसी हालत में मिला।
न्यूज एजेंसी PTI को जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित की पहचान सैयद एच के रूप में हुई है। यह घटना गिरिनगर पुलिस थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे स्थानीय लोगों ने उसे सड़क किनारे देखा, उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे।
अज्ञात व्यक्ति के आग लगाने की आशंका
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शुरुआती जानकारी के हवाले से बताया कि आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। सड़क किनारे उसे पड़ा देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने तुरंत उसे इलाज के लिए विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
‘न घर न परिवार, सड़क किनारे घूमता था पीड़ित’
अधिकारी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि इस व्यक्ति का कोई परिवार या रिश्तेदार नहीं है और वह अक्सर सड़क किनारे ही घूमता रहता था।
उन्होंने कहा, ‘उसके पास न तो कोई घर है, न फोन और न ही कोई पहचान पत्र है। स्थानीय लोगों के मुताबिक वह पहले कई सालों कर पादरायनपुरा इलाके में रहता था।’
पुलिस फिलहाल इस मामले की जांच में जुटी है। और दोषियों की पहचान के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी को खंगाल रही है।
यह भी पढ़ें- बेंगलुरु में भीषण सड़क हादसा: घने कोहरे में कार पेड़ से टकराई, दो इंजीनियरिंग छात्राओं की मौत

















