सूर्यषष्ठी डाला छठ महापर्व को लेकर सिसवा नगरपालिका के अंतर्गत सभी छठ घाट सजकर तैयार हो गए हैं। पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगरपालिका प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। शनिवार की देर रात नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने मीराबाई नगर छठ घाट, श्रीरामजानकी मंदिर छठ घाट सहित नगरपालिका क्षेत्र के विभिन्न घाटों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी अन्य तैयारियों का बारीकी से अवलोकन किया। साथ ही संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने, पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने और सुरक्षा संबंधी इंतजामों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
गिरजेश जायसवाल ने बताया कि नगरपालिका प्रशासन की ओर से सभी छठ घाटों पर सुरक्षा के मद्देनजर गोताखोरों की व्यवस्था की गई है। जलाशयों में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सतर्कता बरती जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां की गई हैं।
वहीं, कोठीभार थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि छठ पर्व के दौरान घाटों पर पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा। महिलाओं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। शोहदों और अराजक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी, ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।