Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश अमित शाह और मायावती के नाम पर ‘दैनिक जागरण’ का फर्जी फ्रंट...

अमित शाह और मायावती के नाम पर ‘दैनिक जागरण’ का फर्जी फ्रंट पेज वायरल, AI की मदद से किए गए हैं तैयार; पड़ताल में खुलासा

0
0

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर इन दिनों केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती से जुड़े दो अलग-अलग ‘दैनिक जागरण’ के फ्रंट पेज तेजी से वायरल हो रहे हैं।

इन वायरल तस्वीरों में बड़े दावे किए जा रहे हैं। एक फ्रंट पेज पर गृह मंत्री अमित शाह की तस्वीर के साथ दावा किया गया है कि यूजीसी कानून पूरे भारत में हर हाल में लागू होगा। वहीं, दूसरे फ्रंट पेज में दावा किया गया है कि मायावती वर्ष 2027 में भारतीय जनता पार्टी को समर्थन देंगी। कई सोशल मीडिया यूजर्स इन्हें सच मानकर शेयर कर रहे हैं।

इन तस्वीरों का फैक्ट चेक करने पर यह सामने आया है कि दैनिक जागरण के नाम पर वायरल हो रहे ये दोनों फ्रंट पेज पूरी तरह से फर्जी हैं। इन्हें समाज में भ्रम फैलाने के मकसद से एआई की मदद से तैयार किया गया है।

क्या है वायरल पोस्ट का सच?

फेसबुक यूजर अनूप सिंह राजपूत ने 16 नवंबर 2026 को दैनिक जागरण का एक कथित फ्रंट पेज शेयर किया, जिसमें सवर्ण समाज और यूजीसी कानून को लेकर एक लंबा-चौड़ा बयान छापा गया था।

इसी तरह, दूसरे फेसबुक यूजर RK Raja Bind ने भी 16 नवंबर 2026 को एक अन्य फ्रंट पेज शेयर करते हुए दावा किया कि मायावती 2027 में बीजेपी को पूरा समर्थन देंगी। इन दोनों पोस्ट को सच मानकर लोग इन्हें शेयर कर रहे थे।

claim mayawati jagran

विश्वास न्यूज की गहन पड़ताल

मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वास न्यूज (दैनिक जागरण की फैक्ट-चेकिंग वेबसाइट) ने दोनों वायरल फ्रंट पेज की अलग-अलग और विस्तार से जांच की।

अमित शाह से जुड़े फ्रंट पेज की जांच: सबसे पहले गूगल ओपन सर्च टूल की मदद से संबंधित कीवर्ड्स से खोजबीन की गई, लेकिन ऐसी कोई आधिकारिक खबर या बयान नहीं मिला जो इस दावे की पुष्टि करता हो।

एआई डिटेक्शन टूल्स का इस्तेमाल: आजकल एआई तकनीक का गलत इस्तेमाल करके डीपफेक और फेक कंटेंट बनाए जा रहे हैं। इस वायरल फ्रंट पेज को गूगल के सिंथ आईडी टूल से चेक किया गया। इसके विश्लेषण से पता चला कि इस फ्रंट पेज को ओपनएआई की मदद से तैयार किया गया है या इसमें छेड़छाड़ की गई है। इसके अलावा, डीपफेक डिटेक्शन टूल पैंग्राम ने भी इसके एआई-निर्मित होने की पूरी संभावना की पुष्टि की।

मायावती वाले फ्रंट पेज की जांच: मायावती के समर्थन वाले वायरल फ्रंट पेज की भी इसी तरह कई एआई डिटेक्शन टूल्स (जैसे सिंथ आईडी, AiOrNot और साइट इंजन) से जांच की गई। AiOrNot टूल ने इस तस्वीर के एआई से बने होने के 100 प्रतिशत संकेत दिए, जबकि साइट इंजन ने इसके एआई-निर्मित होने की 99 प्रतिशत संभावना जताई। ओपन सर्च पर भी मायावती के इस तरह के किसी बयान की कोई पुष्टि नहीं हुई।

अखबार के आधिकारिक संस्करणों से मिलान: अमित शाह वाले वायरल फ्रंट पेज पर 4 नवंबर 2026 की तारीख और नई दिल्ली संस्करण का जिक्र था। वहीं, मायावती वाले फ्रंट पेज पर 11 नवंबर 2026 की तारीख और नई दिल्ली संस्करण लिखा हुआ था। जब इन तारीखों के असली दैनिक जागरण के नई दिल्ली संस्करणों की जांच की गई, तो ऐसी कोई भी खबर या फ्रंट पेज वहां नहीं मिला।

वायरल हो रही फ्रंट पेज फर्जी

दैनिक जागरण डिजिटल के मैनेजिंग एडिटर अनिल पांडेय ने वायरल हो रहे दोनों फ्रंट पेज को पूरी तरह फर्जी करार दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इनमें इस्तेमाल किए गए फॉन्ट दैनिक जागरण के नहीं हैं। कुछ असामाजिक तत्व जागरण की विश्वसनीयता और छवि को धूमिल करने की मंशा के साथ ऐसे फर्जी पोस्ट तैयार कर शेयर कर रहे हैं।

उन्होंने पाठकों से आग्रह किया है कि वे दैनिक जागरण के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स पर ही पोस्ट चेक करें।

पड़ताल में यह साबित हो गया है कि अमित शाह और मायावती के नाम से वायरल हो रहे दैनिक जागरण के दोनों फ्रंट पेज पूरी तरह से फर्जी और भ्रामक हैं। एआई तकनीक का दुरुपयोग करके इन्हें मनगढ़ंत दावों के साथ तैयार किया गया है।