बस्ती की मॉडल शॉप में शराब में पानी मिलाकर बेचा:आबकारी विभाग की जांच में गड़बड़ी मिली, तीन पर FIR

0
4

बस्ती में सिविल लाइन्स स्थित मॉडल शॉप में ब्रांडेड शराब में पानी मिलाकर बेचने का मामला सामने आया है। आबकारी विभाग की जांच में शराब की तीव्रता तय मानक से कम मिली। बोतलों पर बिना क्यूआर कोड वाले ढक्कन भी मिले। मामले में दुकान की लाइसेंसधारी गीता सिंह और दो विक्रेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने एक विक्रेता को हिरासत में लिया है, जबकि दूसरा फरार है। औचक निरीक्षण में पकड़ा गया मिलावट का खेल आबकारी निरीक्षक सुनील कुमार (क्षेत्र-1 सदर, बस्ती) के नेतृत्व में टीम ने 4 नवंबर 2026 को शाम करीब 4:58 बजे मॉडल शॉप का औचक निरीक्षण किया। टीम में उप आबकारी आयुक्त (प्रभार बस्ती) सत्य प्रकाश पाण्डेय, जिला आबकारी अधिकारी राजेश कुमार और सहायक आबकारी आयुक्त प्रवर्तन-1 धर्मेन्द्र नारायण समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे। जांच के दौरान इम्पीरियल ब्लू, रॉयल स्टैग, आइकॉनिक व्हाइट, आफ्टर डार्क, 8PM ब्लैक, ऑल सीजन और स्टार्लिंग बी-7 ब्रांड की व्हिस्की के अद्धों और पौवों की डिजिटल एल्कोहलोमीटर से जांच की गई। इसमें शराब की तीव्रता निर्धारित मानकों से कम मिली। कई बोतलों पर बिना क्यूआर कोड वाले ढक्कन भी पाए गए। रोज 500 से 700 रुपए की करते थे कमाई आबकारी विभाग के मुताबिक, मौके पर पकड़े गए विक्रेता सत्येंद्र शर्मा निवासी संत कबीर नगर और फरार विक्रेता गंगा प्रसाद सिंह निवासी सरन, बिहार ने पूछताछ में बोतलों से शराब निकालकर उसमें पानी मिलाने की बात स्वीकार की। दोनों ने बताया कि इस तरह रोजाना 500 से 700 रुपए की अवैध कमाई होती थी। विक्रेताओं के मुताबिक, यह काम दुकान की लाइसेंसधारी गीता सिंह निवासी गोरखपुर की जानकारी में किया जा रहा था। अवैध कमाई का एक हिस्सा उन्हें भी दिया जाता था। एक आरोपी हिरासत में, दूसरा फरार कार्रवाई के दौरान गंगा प्रसाद सिंह मौका पाकर फरार हो गया, जबकि सत्येंद्र शर्मा को रात करीब 10:20 बजे हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने मौके से पानी मिली शराब के चार सीलबंद गत्ते और दुकान की बिक्री से प्राप्त 2 लाख 14 हजार 550 रुपए जब्त किए हैं। आबकारी निरीक्षक की शिकायत पर कोतवाली थाने में 5 नवंबर को दोपहर 3:24 बजे तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक रतीश चंचल को सौंपी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here