बस्ती में शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए एसडीएम सदर की अदालत ने 8 लोगों को नोटिस जारी किया है। 4 नवंबर को जारी नोटिस में सभी को 6 नवंबर को सुबह 10 बजे अदालत में पेश होने का निर्देश दिया गया है। नोटिस पाने वालों में विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष अखिलेश सिंह और राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष मनमोहन त्रिपाठी भी शामिल हैं। कोतवाली थानाध्यक्ष की 1 नवंबर को भेजी गई चालानी रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि दुर्गा पूजा के दौरान प्रतिमा विसर्जन के समय माहौल बिगाड़ने की कोशिश हुई थी। आगामी लक्ष्मी पूजा के दौरान दोबारा विवाद होने और शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। 5 लाख रुपए की दो जमानतें भरने का प्रस्ताव एसडीएम सदर की अदालत ने सभी 8 लोगों से जवाब मांगा है कि एक साल तक शांति बनाए रखने के लिए उनसे 5 लाख रुपए की दो-दो जमानतें और बंधपत्र क्यों न भरवाया जाए। सभी को अपना पक्ष रखने का मौका दिया गया है। वे स्वयं या अपने अधिकृत वकील के माध्यम से अदालत में पेश हो सकते हैं। नोटिस पाने वालों में ये नाम शामिल नोटिस पाने वालों में अखिलेश सिंह, मनमोहन त्रिपाठी, विनोद कुमार, लालचन्द्र मौर्य, अनिल कुमार, सवोज उर्फ नेपाली, भोला जायसवाल और राज श्रीवास्तव शामिल हैं। सभी को निर्धारित तारीख और समय पर अदालत में उपस्थित होकर अपना जवाब देना होगा।
Think
