डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के इलेक्ट्रॉनिक सिटी इलाके में एक फास्ट-फूड आउटलेट पर परोसे गए नूडल्स में तीखापन ज्यादा होने की शिकायत को लेकर चार युवकों ने असम के तीन मजदूरों के साथ जमकर मारपीट की।
असमिया मजदूरों पर हमला करने के आरोप में पुलिस ने मारपीट करने वाले चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। इस हमले का सीसीटीवी फुटेज भी ऑनलाइन सामने आया है, जिसमें कुछ लोगों को मजदूरों पर हमला करते हुए देखा जा सकता है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर की रात डोडाथोगुरू स्थित एक फास्ट-फूड आउटलेट पर नशे की हालत में आए युवकों की मजदूरों से तीखी बहस हुई, जिसके बाद आरोपियों ने कर्मचारियों को जमीन पर पटककर लात-घूंसों से पीटा और बीच-बचाव करने आए एक राहगीर पर भी हमला कर दिया।
पीड़ितों की शिकायत के बाद, इलेक्ट्रॉनिक सिटी पुलिस ने एक नॉन-कॉग्निजेबल रिपोर्ट (NCR) दर्ज की और मामले में शामिल लोगों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी।
4 लोग गिरफ्तार
इसके बाद पुलिस ने डोड्डाथोगुरु के रहने वाले चार लोगों- रवि कुमार (31), पुट्टास्वामी (35), मनोहर (31) और सिद्धराज – को ढूंढ निकाला और गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि उन्हें कानूनी प्रावधानों के तहत नोटिस जारी कर आगे की जांच पूरी होने तक छोड़ दिया गया है, और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। (समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
