‘राहुल गांधी का थर्ड क्लास झूठ’, PM मोदी को विदेशी मदद मिलने के आरोपों पर बीजेपी का पलटवार

0
4

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लगाया कि वो ‘विदेशी मदद के कारण’ सत्ता में आए और अभी भी पद पर बने हुए हैं। राहुल गांधी के इन आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी ने पलटवार किया है।

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सी.आर. केशवन ने राहुल गांधी को ‘बेहद घटिया धोखेबाज’ करार दिया और उन पर पाखंड का आरोप लगाया। केशवन ने राहुल गांधी का एक पुराना वीडियो शेयर करते हुए उन पर निशाना साधा है।

‘राहुल गांधी का झूठ उन पर ही भारी पड़ता है’

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सी.आर. केशवन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘राहुल गांधी इतने घटिया किस्म के धोखेबाज हैं कि उनके थर्ड क्लास झूठ हमेशा उन पर ही उल्टे पड़ते हैं और अंत में उन्हें शर्मिंदा होना पड़ता है।’

सी.आर. केशवन ने मार्च 2023 में UK में दिए गए राहुल गांधी के बयान का जिक्र करते हुए आगे बताया, ‘2023 में, लोकसभा चुनाव से पहले लंदन में बोलते हुए, राहुल गांधी ने भारत के आंतरिक मामलों में विदेशी दखल की गुहार लगाई थी और कहा था, यह सिर्फ भारत की लड़ाई नहीं है।’

बीजेपी प्रवक्ता ने आगे लिखा, ‘कांग्रेस ने इस आरोप का जवाब देने से क्यों कतराया है कि सोनिया गांधी ‘एशिया-पैसिफिक में डेमोक्रेटिक लीडर्स के फोरम’ की सह-अध्यक्ष थीं? इस फोरम ने कश्मीर को एक स्वतंत्र राष्ट्र बनाने के विचार का समर्थन किया था और इसके जॉर्ज सोरोस के साथ करीबी संबंध हैं।’

बीजेपी नेता ने कांग्रेस की चुप्पी पर निशाना साधते हुए लिखा, ‘राहुल गांधी और कांग्रेस ने हिंडनबर्ग और कॉर्नेलिया वोल जैसी संस्थाओं और व्यक्तियों के साथ अपने करीबी संबंधों पर रहस्यमयी चुप्पी क्यों साधे रखी है? ये लोग उन संगठनों से गहराई से जुड़े हैं जिन्हें जॉर्ज सोरोस से फंडिंग मिलती है।’

बीजेपी ने राहुल गांधी की यात्राओं पर सवाल उठाते हुए लिखा, ‘राहुल गांधी अक्सर विदेश यात्राओं पर क्यों चले जाते हैं? वे चुपके-चुपके किससे मिलते हैं और इन गुप्त मुलाकातों का एजेंडा क्या होता है? देश राहुल गांधी से जवाब मांगता है क्योंकि वे विपक्ष के नेता (LOP) हैं, और उनकी विदेश यात्राओं से जुड़ा यह रहस्य हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए एक गंभीर खतरा है।’

राहुल गांधी ने ‘विदेशी मदद’ मिलने का लगाया था आरोप

राहुल गांधी ने एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी के ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के भाषण को लेकर उन पर निशाना साधा था। पीएम मोदी की ‘विदेशी साजिशों’ वाली चेतावनी को उन्हीं की तरफ मोड़ते हुए, राहुल गांधी ने बिना कोई ठोस सबूत दिए आरोप लगाया कि मोदी सरकार और देश की वित्तीय व्यवस्था बाहरी ताकतों के सहारे टिकी हुई है।

राहुल गांधी ने कहा, ‘मैं आपको इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती देता हूं। कोई भी मंच हो, कोई भी समय हो। अगर हिम्मत है तो सामने आइए। लेकिन आप ऐसा करने की हिम्मत नहीं करेंगे, क्योंकि आप डरे हुए हैं कि मुझे आपके बारे में क्या-क्या पता है।’

पीएम मोदी ने कांग्रेस को विदेशी फंडिंग मिलने का लगाया आरोप

प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए नागरिकों से कहा था किउन बाधा डालने वाली ताकतों से सावधान रहें, जो देश को बांटने और विदेशों में भारत की छवि खराब करने की कोशिश कर रही है।

पीएम मोदी ने कहा था, ‘कुछ ताकतें लगातार देश को बांटने की साजिशों में लगी हुई हैं। एक दशक से भी ज्यादा समय की हताशा और निराशा के बाद, ये ताकतें अब खुलकर सामने आ गई हैं। विदेश में कौन किससे गुप्त रूप से मिल रहा है? भारत-विरोधी ताकतें किसका समर्थन कर रही हैं? कौन भारत के दुश्मनों की भाषा बोल रहा है? हमें इन सभी तौर-तरीकों को पहचानना होगा और मिलकर इनका सामना करना होगा।’

यह भी पढ़ें- दिल्ली में SIR में कटे 47.56 लाख नाम, तीन बार तारीख बढ़ाने के बाद अब तक कितने वोटर्स की हुई वापसी?

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here