डेंगरहा में मनरेगा काम में गड़बड़ी का आरोप:प्रधान और सचिव पर 122 फर्जी हाजिरी से 36 हजार का गबन

0
1

गौर ब्लॉक की ग्राम पंचायत डेंगरहा में मनरेगा के तहत चकरोड निर्माण में गड़बड़ी का आरोप लगा है। गांव के अब्दुल रब पुत्र फारूक अहमद ने ग्राम प्रधान एजाज अहमद पुत्र मोहम्मद सिद्दीक और पंचायत सचिव पर मिलीभगत कर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। उन्होंने 122 फर्जी हाजिरी के जरिए करीब 36,600 रुपए के गबन का दावा किया है। शिकायत के मुताबिक, पिच रोड से मुत्रे के चक तक चकरोड बनाने के काम में अनियमितता हुई। आरोप है कि निर्माण अधूरा और गुणवत्ता विहीन है। शिकायतकर्ता ने रात में ट्रैक्टर से मिट्टी और बालू ढोने का वीडियो होने का भी दावा किया है। अब्दुल रब का आरोप है कि मनरेगा पोर्टल और मस्टररोल में 122 फर्जी हाजिरी दर्ज की गईं। उनका कहना है कि बिना काम कराए मजदूरों के नाम पर करीब 36,600 रुपए का भुगतान दिखाया गया। उन्होंने दस्तावेजों और मौके पर जाकर जांच कराने की मांग की है। शिकायतकर्ता ने 28 अक्टूबर 2026 को खंड विकास अधिकारी गौर को अंतिम शिकायत पत्र सौंपा। उन्होंने प्रमुख सचिव, ग्राम्य विकास विभाग, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ; आयुक्त, ग्राम्य विकास, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ और मनरेगा आयुक्त, उत्तर प्रदेश को भी शिकायत भेजकर जांच की मांग की है। शिकायत की प्रतियां जिलाधिकारी बस्ती, पुलिस अधीक्षक बस्ती और मुख्य विकास अधिकारी बस्ती को भी भेजी गई हैं। शिकायतकर्ता ने कहा है कि 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो वह इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ में जनहित याचिका या रिट याचिका दाखिल करेंगे। मामले में आरोपों की पुष्टि के लिए मनरेगा के दस्तावेजों, मस्टररोल, भुगतान के विवरण और निर्माण कार्य की जांच की जानी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here