Home Blog Page 135

मोदी कैबिनेट ने किसानों के लिए खोला खजाना, खाद की कीमतों पर ब्रेक; उर्वरक सब्सिडी को मंजूरी

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। पीएम नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने फास्फेट और पोटाश (पीएंडके) उर्वरकों पर रबी सीजन 2026-27 (1 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक) के लिए पोषक तत्व आधारित सब्सिडी (एनबीएस) की नई दरों को मंजूरी दे दी है।

इस सीजन के लिए केंद्र की तरफ से करीब 62,370 करोड़ रुपये की सब्सिडी किसानों को दी जाएगी। यह राशि पिछले रबी सीजन 2025-26 की जरूरत से लगभग 24,418 करोड़ रुपये ज्यादा है।

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट बैठक के बाद बताया कि पश्चिम एशिया संकट और रूस-यूक्रेन युद्ध की वजह से उर्वरकों की अंतरराष्ट्रीय कीमतें बहुत बढ़ गई हैं। इसके बावजूद सरकार ने किसानों के हितों की रक्षा की है और पर्याप्त सब्सिडी जारी रखी है।

उन्होंने कहा कि उर्वरकों और कच्चे माल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों के मौजूदा रुझान को ध्यान में रखकर सब्सिडी को तर्कसंगत बनाया गया है और 50 किलो का एक डीएपी (डाय-अमोनियम फास्फेट) बैग की कीमत 1,350 रुपये बनी रहेगी। सरकार उर्वरक निर्माताओं और आयातकों के जरिए किसानों को रियायती कीमतों पर डीएपी समेत पीएंडके उर्वरकों के 28 ग्रेड उपलब्ध करा रही है। एनबीएस योजना 1 अप्रैल 2010 से चल रही है।

कैबिनेट के फैसले के मुताबिक डीएपी और एनपीकेएस ग्रेड सहित सभी पीएंडके उर्वरकों पर सब्सिडी रबी 2026-27 के लिए तय दरों के आधार पर दी जाएगी, ताकि किसानों को सस्ती कीमतों पर उर्वरक मिलते रहें।

इस फैसले के साथ ही केंद्रीय मंत्रिमंडल ने सूक्ष्म इकाइयों के लिए ऋण गारंटी निधि (सीजीएफएमयू) को अगले पांच वर्षों यानी 31 मार्च 2031 तक जारी रखने के एक प्रस्ताव को हरी झंडी दिखा दी है। इस योजना के तहत राष्ट्रीय ऋण गारंटी ट्रस्टी कंपनी लिमिटेड (एनसीजीटीसी) के जरिए ऋण देने वाली संस्थाओं को ऋण नहीं चुकाने की स्थिति में गारंटी कवर मिलता है। इस निधि के लिए 5,000 करोड़ रुपये के कोष को मंजूरी दी गई है।

इससे प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (पीएमएमवाई) के तहत 12.6 लाख करोड़ रुपये के ऋण उपलब्ध कराने में आसानी होगी। योजना के शुरू होने से सितंबर 2026 तक ऋणदाताओं ने 60.36 करोड़ से ज्यादा ऋण मंजूर किए हैं। जनवरी 2016 में शुरू हुई इस योजना ने पीएमएमवाई ऋणों को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाई है।

इस योजना के तहत बेहद छोटे उद्यमों को 20 लाख रुपये तक के ऋण पर गारंटी दी जाएगी। साथ ही पीएम जनधन योजना के खातों पर बैंकों द्वारा दी जाने वाली 10,000 रुपये तक की ओवरड्राफ्ट सुविधा को भी कवर किया जाएगा।

स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) को दिए जाने वाले 10 लाख से 20 लाख रुपये के पोर्टफोलियो वाले ऋण भी इसमें शामिल होंगे। गारंटी शुल्क एक फीसदी सालाना से से घटाकर 0.75 फीसद कर दिया गया है। योजना वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक पीएमएमवाई के तहत दिए गए सभी ऋणों पर लागू होगी।

चेहरी-महराजगंज मार्ग पर वाहन की टक्कर से बाइक सवार घायल:युवक की हालत गंभीर, जिला अस्पताल में भर्ती

चेहरी-महराजगंज मार्ग पर पीछे से आए अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार कृष्ण प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल महराजगंज में भर्ती कराया गया है।
कृष्ण प्रजापति, जोखू प्रजापति के पुत्र और बिशनपुर निवासी हैं। वह समरधीरा से घर लौट रहे थे, तभी चेहरी और महराजगंज के बीच यह हादसा हुआ। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
चिकित्सक डॉ. पवन कुमार सिंह ने बताया कि कृष्ण की हालत गंभीर है और जिला अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद अज्ञात वाहन के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

अमोढ़ा में लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन:श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों के साथ कोटही मंदिर से रामरेखा नदी के घाट पहुंचे

अमोढ़ा में बुधवार को मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों के साथ प्रतिमाओं को रामरेखा नदी के घाट तक ले गए। विसर्जन यात्रा अमोढ़ा कस्बे के कोटही मंदिर से शुरू हुई। श्रद्धालु रास्ते में नाचते-गाते और जयकारे लगाते हुए देर शाम घाट पहुंचे। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमाओं को रामरेखा नदी में विसर्जित किया। उन्होंने अगले साल फिर आने की कामना के साथ मां लक्ष्मी और गणपति बप्पा को विदाई दी।

शाह बानो से विदेशी मूल के विवाद तक, सोनिया गांधी की आत्मकथा के 5 राजनीतिक किस्से

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की आत्मकथ ‘बिलोंगिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ इन दिनों राजनीतिक गलियारों में चर्चा का केंद्र बनी हुई है। इस किताब में उन्होंने उम तमाम बड़े फैसलों, राजनीतिक उथल-पुथल और निजी जीवन के उतार-चढ़ावों का खुलकर जिक्र किया है, जिन्होंने कांग्रेस पार्टी के साथ-साथ अपने राजनीतिक सफर को भी एक नई दिशा दी।

आइए जानते हैं इस संस्मरण की उन पांच सबसे खास और अहम घटनाओं के बारे में, जिन्होंने इतिहास के पन्नों पर गहरी छाप छोड़ी है।

शाह बानो मामला (1985)

किताब में सोनिया गांधी ने उस दौर का जिक्र किया है जब देश में शाह बानो मामले को लेकर भूचाल आया था। एक तलाकशुदा मुस्लिम महिला शाह बानो ने पति से गुजारा भत्ता पाने के लिए अदालत का दरवाया खटखटाया था, और अदालत ने उनके पक्ष में फैसला भी सुनाया था।

हालांकि, मुस्लिम पर्सनल लॉ के तहत इस फैसले को चुनौती दी गई और बाद में सरकार द्वारा लाए गए कानूनी संशोधन की भारी आलोचना हुई।

सोनिया अपनी किताब में लिखती हैं कि अखबारों की रिपोर्ट और महिला कार्यकर्ताओं की बातें सुनकर वह काफी परेशान थीं। उन्होंने अपने पति और तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी से सीधे सवाल किया था कि वह मुस्लिम महिलाओं के हितों की बलि क्यों दे रहे हैं।

जवाब में राजीव गांधी ने खुद का बचाव करते हुए कहा था कि वह पर्सनल लॉ के ढांचे को खतरे में डाले बिना महिलाओं की चिंताओं को संतुलित करने का प्रयास कर रहे हैं। सोनिया मानती हैं कि उस समझौते का मकसद संतुलन बनाना था, लेकिन इसकी आलोचना काफी हुई थी।

राजीव गांधी की हत्या (1991)

साल 1991 सोनिया गांधी के निजी जीवन में एक अत्यंत दुखद और काला अध्याय बनकर आया। राजीव गांधी की हत्या ने उन्हें झकझोर कर रख दिया था। वह याद करती हैं कि हत्या के ठीक अगले दिन कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में उन्हें पार्टी अध्यक्ष बनने का प्रस्ताव दिया गया था, लेकिन उनकी इसमें कोई दिलचस्पी नहीं थी।

इसके बाद पी. वी. नरसिम्हा राव के नेतृत्व में सरकार बनी और सोनिया ने लंबे समय तक एकांत का जीवन चुना। अपनी मानसिक स्थिति का वर्णन करते हुए वह लिखती हैं, मेरे राजीव चले गए थे, अब किसी और चीज का कोई महत्व नहीं था। उनके बच्चे राहुल और प्रियंका ने उन्हें मीडिया कवरेज और इस गहरे सदमे से बचाने की पूरी कोशिश की।

बाबरी मस्जिद विध्वंस (1992)

दिसंबर 1992 में अयोध्या में बाबरी मस्जिद का विध्वंस और उसके बाद फैली सांप्रदायिक हिंसा ने सोनिया गांधी की राजनीतिक सोच को पूरी तरह बदल दिया। वह इस घटना को एक बड़ा संकेत मानती थीं कि बीजेपी-आरएसएस और उनके सहयोगी संगठन अब पर्दे के पीछे नहीं, बल्कि खुले तौर पर अपने राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ा रहे थे।

भारत के धर्मनिरपेक्ष मूल्यों के भविष्य और कांग्रेस की गिरती हालत को लेकर उनकी चिंताएं लगातार बढ़ती गईं। हालांकि उन्होंने राजनीति में आने के कई आग्रहों को शुरुआत में ठुकरा दिया था, लेकिन देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी और अपने परिवार के राजनीतिक आदर्शों को बचाने की खातिर उनके लिए राजनीति से दूर रहना अब संभव नहीं था।

कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालना (1998)

सालों तक राजनीति से दूर रहने के बाद, पार्टी की लगातार कमजोर होती स्थिति और अंतर्कलह ने सोनिया को चिंतित कर दिया। साल 1997 में कलकत्ता अधिवेशन में शामिल होने के बाद वह पार्टी की प्राथमिक सदस्य बनीं और आखिरकार 14 मार्च 1998 को कांग्रेस कार्य समिति के फैसले के बाद उन्होंने पार्टी की कमान संभाल ली।

अपनी किताब में उन्होंने इस कदम को एक बेहद कठिन चुनौती बताया। उन्होंने लिखा, मैंने इतने साल एक राजनीतिक परिवार में बिताए थे, उनके मूल विचारों को आत्मसात कर लिया था, लेकिन ऐतिहासिक कांग्रेस पार्टी की कमान संभालना एक बहुत बड़ी चुनौती थी।

पार्टी के आंतरिक कामकाज का सीमित अनुभव होने के बावजूद उन्हें एक विशाल देशव्यापी संगठन का नेतृत्व करना था। शुरुआती बैठकों में अपनी हिचकिचाहट को याद करते हुए वह बताती हैं कि उन्होंने धीरे-धीरे साथियों की बातें सुनकर और विषयों का अध्ययन करके संगठन की बारीकियों को समझा।

सरकार बनाने की असफल कोशिश (1999)

संस्मरण का एक और सबसे नाटकीय अध्याय 1999 का है, जब अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के अविश्वास प्रस्ताव में गिरने के बाद कांग्रेस ने सरकार बनाने की कोशिश की थी। कांग्रेस और सहयोगियों के पास 233 सांसद थे, लेकिन जरूरी समर्थन का वह आंकड़ा हासिल नहीं हो सका, जिसे सोनिया एक गलत आकलन मानती हैं।

इस राजनीतिक झटके के तुरंत बाद पार्टी के भीतर बड़ा बवंडर खड़ा हो गया। मई 1999 में शरद पवार समेत तीन वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें एक संयुक्त पत्र लिखा, जिसमें उनके विदेशी मूल का हवाला देते हुए पार्टी या देश के उच्च पद पर बने रहने की योग्यता पर सवाल उठाया गया। इस विद्रोह ने उनके नेतृत्व के सामने एक नया और बड़ा संकट खड़ा कर दिया था।

श्रावस्ती पुलिस ने वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाए:मल्हीपुर के वीरगंज चौराहे पर यातायात जागरूकता अभियान में चालकों को नियम बताए

पुलिस ने यातायात माह नवंबर-2026 के तहत श्रावस्ती के मल्हीपुर थाना क्षेत्र स्थित वीरगंज चौराहे पर जागरूकता और चेकिंग अभियान चलाया। मीट एंड ग्रीट अभियान के तहत वाहनों पर मुफ्त रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप लगाए गए। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में अभियान हुआ। अपर पुलिस अधीक्षक चन्द्रकेश सिंह और यातायात क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार सिंह की निगरानी में, यातायात प्रभारी मो. शमीम ने इसका नेतृत्व किया। ट्रैक्टर, डंपर और ऑटो रिक्शा समेत कई वाहनों पर टेप लगाए गए। पुलिस ने बताया कि इससे रात में वाहनों की दृश्यता बढ़ाने और सड़क हादसों में कमी लाने का प्रयास किया गया। लाउड हेलर और अन्य माध्यमों से लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। उन्हें राह-वीर योजना और इसके तहत मिलने वाली प्रोत्साहन राशि के बारे में भी बताया गया। लोगों से सड़क हादसे में घायल व्यक्तियों की मदद करने की अपील की गई। पुलिस ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने और तय गति सीमा में गाड़ी चलाने को कहा। शराब या किसी भी नशीले पदार्थ का सेवन कर वाहन न चलाने और यातायात संकेतों का पालन करने की भी अपील की गई। अभियान के अंत में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों से जुड़े पर्चे बांटे गए। मौजूद लोगों को नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई। श्रावस्ती पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और खुद के साथ दूसरों को भी सुरक्षित रखने की अपील की।

Nvidia केस में मेगास्पीड की एंट्री से मचा हड़कंप, चीन से सिंगापुर और अमेरिका तक कैसे फैला नेटवर्क? पढ़ें इनसाइड स्टोरी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दुनिया की सबसे बड़ी सेमीकंडक्टर और AI चिप कंपनी एनवीडिया (Nvidia) और उसके सीईओ जेन्सेन हुआंग एक बड़े विवाद में घिर गए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, जेन्सेन हुआंग का संबंध सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड की कार्यकारी अधिकारी एलिस हुआंग के साथ रहे हैं।

अमेरिकी अधिकारियों को शक है कि एलिस हुआंग चीन के लिए जासूसी करती थीं और उन्हें जेन्सेन हुआंग के करीब इसलिए भेजा गया था ताकि अमेरिका के प्रतिबंधित AI चिप्स या कंपनी की गोपनीय तकनीकी जानकारियां चीन तक पहुंचाई जा सकें।

इस खुलासे के बाद सिंगापुर स्थित क्लाउड कंप्यूटिंग कंपनी मेगास्पीड और उसकी पूर्व मैनेजिंग डायरेक्टर एलिस हुआंग (हुआंग ले) को लेकर अमेरिका और सिंगापुर की सुरक्षा एजेंसियों ने बड़े पैमाने पर जांच शुरू कर दी है।

क्या है मेगास्पीड और एनवीडिया से संबंध?

मेगास्पीड सिंगापुर की एक क्लाउड-कंप्यूटिंग फर्म है, जो एशिया-प्रशांत क्षेत्र में एनवीडिया की प्रमुख बिजनेस पार्टनर के रूप में काम करती है। 2015 में 7 रोड इंटरनेशनल के रूप में स्थापित इस कंपनी का नाम 2023 में बदलकर मेगास्पीड रखा गया। इसका पूरा मालिकाना हक सिंगापुर की कंपनी ‘स्विफ्टडेटा’ के पास है, जिसके डायरेक्टर टैन योंग पोंग हैं।

नवंबर 2023 में एनवीडिया से जुड़ने के बाद यह कंपनी एनवीडिया की आधुनिक AI चिप्स (जैसे H100 और GB200) खरीदती है और सिंगापुर, इंडोनेशिया व मलेशिया में ग्राहकों को किराए पर देती है।

2024 में कंपनी की संपत्ति 33 मिलियन डॉलर (लगभग 275 करोड़ रुपये) से अचानक बढ़कर 3 बिलियन डॉलर (लगभग 25,000 करोड़ रुपये) हो गई। इसका रेवेन्यू भी शून्य से बढ़कर 294 मिलियन डॉलर पहुंच गया, हालांकि कंपनी ने 20 मिलियन डॉलर का घाटा भी दिखाया।

विवाद का मुख्य केंद्र और ‘फ्रंट’ होने का आरोप

अमेरिकी एजेंसियों को शक है कि मेगास्पीड सिर्फ एक ‘फ्रंट’ (मुखौटा कंपनी) है। आरोप है कि अमेरिका द्वारा चीन पर लगाए गए प्रतिबंधों को दरकिनार कर, इस कंपनी के जरिए चीन को एनवीडिया की प्रतिबंधित AI चिप्स भेजी जा रही थीं।

nvidia chips

अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियां 2024 से ही इसकी जांच कर रही हैं। अब सिंगापुर के गृह मंत्रालय ने भी इस मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, मेगास्पीड ने इन सभी आरोपों को गलत बताया है।

कौन हैं एलिस हुआंग?

इस पूरे विवाद के केंद्र में एलिस हुआंग (असली नाम: हुआंग ले) हैं, जो चीनी नागरिक हैं और मेगास्पीड में मैनेजिंग डायरेक्टर रह चुकी हैं।

द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को लगता है कि एलिस हुआंग चीन की खुफिया एजेंसी MSS (मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी) की एजेंट हैं। उन्हें खास तौर पर जेन्सेन हुआंग और एनवीडिया को निशाना बनाने के लिए इस काम पर लगाया गया था।

एलिस का करियर काफी मिला-जुला रहा है:

टीवी पत्रकार: उन्होंने चीन के सरकारी चैनलों (‘हुनान TV’ और ‘CCTV’) में रिपोर्टर के तौर पर काम किया।

बैंकिंग: इसके बाद वे HSBC बैंक के प्राइवेट बैंकिंग हेड की असिस्टेंट बनीं।

बड़ी जिम्मेदारियां: वे चीन की बड़ी वित्तीय कंपनी ‘CITIC सिक्योरिटीज’ में वाइस-प्रेसिडेंट और ‘हेक्सी कैपिटल’ में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर भी रहीं

हालांकि जेन्सेन हुआंग ने अपने बयान में एलिस हुआंग या मेगास्पीड का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया है, लेकिन उनके इस खुलासे ने अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा और एआई टेक्नोलॉजी की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। टेक दुनिया के इतने बड़े बॉस, एक नई क्लाउड कंपनी और चीनी जासूसी के इस जाल ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।

वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने जेन्सेन हुआंग का खुलकर बचाव किया है। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने खुद फोन पर जेन्सेन हुआंग से बात की और उनसे सीधे पूछा कि क्या उन्हें जरा भी अंदाजा था कि वह महिला एक जासूस थी? हुआंग ने इससे साफ इनकार किया।

ट्रंप ने कहा, मुझे हुआंग की बात पर पूरा भरोसा है, उन्हें इस बात का बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि वह महिला एक चीनी जासूस हो सकती है। ट्रंप ने पुष्टि की है कि एफबीआई एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग के मामले की जांच कर रही है।

युवक पर नाबालिग को ले जाने की कोशिश का आरोप:सिंदुरिया में शादी का झांसा देने, घर पहुंचकर धमकी देने के मामले में मुकदमा दर्ज

सिंदुरिया थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी को शादी का झांसा देकर ले जाने की कोशिश का आरोप लगा है। किशोरी के पिता ने युवक और उसकी मां पर घर पहुंचकर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि युवक काफी समय से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। आरोप है कि युवक शादी का झांसा देकर उसे बहला-फुसलाकर ले जाने की कोशिश कर रहा था। परिजनों ने किशोरी को पकड़कर वापस लाया। इसके बाद युवक और उसकी मां किशोरी के घर पहुंचे और गाली-गलौज की। पिता ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। सिंदुरिया के थानाध्यक्ष अनूप कुमार तिवारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जरूरी कार्रवाई की जा रही है।

महाराष्ट्र के 40 संत 84 कोसी परिक्रमा पर निकले:मखौड़ा धाम से शुरू हुई यात्रा अमोढ़ा के रामरेखा आश्रम पहुंची; हनुमान बाग में करेंगे रात्रि विश्राम

महाराष्ट्र के बीड़ जिले के तपोभूमि बाघदरा ब्रह्मापुर स्थित श्री संत तुकाराम गुरुकुल के 40 संत अयोध्या की 84 कोसी परिक्रमा कर रहे हैं। संत सतवान महाराज के नेतृत्व में यात्रा बुधवार को मखौड़ा धाम से शुरू हुई। संतों ने सुबह मनवर नदी में स्नान किया और रामजानकी मंदिर में पूजा-पाठ के बाद धर्म ध्वजा फहराई। इसके बाद ‘जय श्री राम’ के उद्घोष के साथ यात्रा आगे बढ़ी। इसमें साधु-संतों के साथ गुरुकुल के छात्र भी शामिल हैं। यात्रा कोहरायें, रजवापुर, नगरा बदली, केनौना चौराहा, चौगड़वा, रामगढ़, भरती का पुरवा, फत्तेपुर, नीमडांड और नाल्हीपुर समेत कई गांवों से गुजरी। ग्रामीणों ने संतों का स्वागत किया और जलपान कराया। दोपहर तक यात्रा छावनी स्थित रामरेखा मंदिर परिसर पहुंची। मंदिर के महंत दयाशंकर दास और व्यवस्थापक गोपालजी सोनी ने संतों और गुरुकुल के छात्रों का स्वागत किया। संतों ने रामरेखा नदी में स्नान किया और राम दरबार के दर्शन किए। मंदिर परिसर में रामधुन कीर्तन के बाद संतों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। विश्राम के बाद टोली दूसरे पड़ाव हनुमान बाग के लिए रवाना हुई। संतों ने राम जानकी मार्ग पर अमोढ़ा कस्बे, देवकली बाबू, विशेषरगंज और समोडा होते हुए 13 किलोमीटर की दूरी तय की। वे हनुमान बाग चकोही मंदिर पहुंचे, जहां रात में विश्राम करेंगे।

भाई दूज पर बहन ने भाई को तिलक लगाया:श्रावस्ती के पिपरी गांव में आरती उतारी, मिठाई और भुरकी-चूरा खिलाया

भाई दूज पर श्रावस्ती जिले के पिपरी ग्राम सभा में बहन ने भाई को तिलक लगाया, आरती उतारी और मिठाई खिलाई। बहन ने भाई को भुरकी-चूरा भी खिलाया।
भाई ने बहन के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। बहन ने भाई के खुशहाल रहने की कामना की।
यहां त्यौहार हर वर्ष की भाती इस वर्ष भी मनाया गया यह कार्तिक मास के शुक्ला पक्ष दुतिया ( दूज ) के दिन मनाया जाता है बहन इस दिन अपने भाइयो के प्रति ब्रत रखती है और इस पूजा को पूजती है ऐसा माना जाता है की यह त्यौहार सदियों से चला आ रहा है
यह गांव सोनवा थाना क्षेत्र और गिलौला ब्लॉक में है। स्थानीय लोगों मुकेश, उमेश, गोलू और हरीश ने इस बारे में जानकारी दी।

तेज आवाज में डीजे बजाने पर दो गुट भिड़े:महराजगंज में दो आयोजकों और दो डीजे संचालकों पर केस दर्ज

महराजगंज के निचलौल कस्बे में लक्ष्मी प्रतिमा के डोल जुलूस के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने पर दो गुटों में विवाद हो गया। पुलिस ने दो आयोजकों और दो डीजे संचालकों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, 9 नवंबर को उपनिरीक्षक अमित विश्वकर्मा पुलिस टीम के साथ जुलूस के दौरान शांति व्यवस्था की ड्यूटी पर थे। मुख्य तिराहे के पास जुलूस में शामिल डीजे संचालक आपसी प्रतिस्पर्धा में तेज आवाज में डीजे बजा रहे थे। इस दौरान दोनों गुटों के बीच धक्का-मुक्की और गाली-गलौज हुई। एक-दूसरे को जान से मारने की धमकी देने की बात भी सामने आई।
दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय लोगों ने पुलिस से शिकायत की कि तेज आवाज से धड़कन बढ़ रही है और सांस लेने में परेशानी हो रही है। एंबुलेंस से आने-जाने वाले मरीजों के तीमारदारों को भी दिक्कत हो रही थी।
पुलिस ने डोल आयोजक जिग्नहवा निवासी बंटी कसौधन और घोड़हवा निवासी प्रियांशु श्रीवास्तव को आवाज तय मानक के अनुसार रखने की हिदायत दी। मध्देशिया डीजे किंग के संचालक प्रेम और ओम डीजे के संचालक विजय को भी ध्वनि प्रदूषण के नियम बताए गए। इसके बावजूद डीजे की आवाज कम नहीं की गई और तेज आवाज में डीजे बजाया गया।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 115(2), 352, 351(3), 292, 293 और 223(बी), पर्यावरण संरक्षण अधिनियम और ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण नियमों के तहत केस दर्ज किया है।
निचलौल थाना प्रभारी ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था और ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण के लिए आयोजकों और डीजे संचालकों को पहले ही निर्देश दिए गए थे। नियम तोड़ने और पुलिस के आदेश न मानने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।