Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home क्राइम सहकारी समितियों से जुड़े मामलों में ईडी के 20 ठिकानों पर छापे

सहकारी समितियों से जुड़े मामलों में ईडी के 20 ठिकानों पर छापे

0
1

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने केरलम में सहकारी समितियों से जुड़ी कथित धोखाधड़ी के तीन अलग-अलग मामलों में बुधवार को त्रिशूर, एर्नाकुलम और कोझिकोड में करीब 20 ठिकानों पर छापा मारकर तलाशी की इन मामलों में कथित तौर पर करीब 92 करोड़ रुपये की अपराध से अर्जित संपत्ति शामिल है।

इसी बीच, एक अन्य कार्रवाई में ईडी ने कर्नाटक लोक सेवा आयोग (केपीएससी) के निलंबित अध्यक्ष शिवशंकरप्पा एस. साहूकार और आयोग की सदस्य बी.वी. गीता को कथित भर्ती अनियमितताओं से जुड़े धन शोधन मामले में गिरफ्तार किया है।

ईडी के अनुसार, अर्बन को-ऑपरेटिव सोसाइटी से जुड़े मामले में पदाधिकारियों पर फर्जी ऋण जारी कर सदस्यों को नुकसान पहुंचाने का आरोप है और इसमें करीब 55 करोड़ रुपये की अपराध से अर्जित संपत्ति का पता चला है।

एर्नाकुलम और आसपास के करीब पांच-छह ठिकानों पर तलाशी ली जा रही है। थेन्नेला सर्विस को-ऑपरेटिव सोसाइटी से जुड़े दूसरे मामले में अधिक ब्याज देने का वादा कर फर्जी ऋण जारी करने के आरोप हैं।

इसमें करीब 10 करोड़ रुपये की अपराध से अर्जित संपत्ति शामिल है और कोझिकोड तथा आसपास के सात-आठ ठिकानों पर कार्रवाई की गई।

तीसरे मामले में कुट्टानेल्लूर को-ऑपरेटिव बैंक के पदाधिकारियों पर मालिकों और जमाकर्ताओं की सहमति के बिना गिरवी रखी संपत्तियों के हस्तांतरण का आरोप है।

इस मामले में करीब 27 करोड़ रुपये की अपराध से अर्जित संपत्ति का उल्लेख है और त्रिशूर तथा आसपास के पांच-छह ठिकानों पर तलाशी चल रही है।

वहीं, कर्नाटक में ईडी ने केपीएससी के निलंबित अध्यक्ष शिवशंकरप्पा एस. साहूकार और सदस्य बी.वी. गीता को गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई आयोग के माध्यम से पशु चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती में कथित अनियमितताओं और धन के लेनदेन की जांच के तहत की गई है।

ईडी ने साहूकार के बेंगलुरु स्थित आवास पर नए सिरे से तलाशी के बाद दोनों को गिरफ्तार किया। मामले में पूर्व परीक्षा नियंत्रक ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार और कथित बिचौलिए बसवराज कन्नाले से भी ईडी पहले पूछताछ कर चुकी है।

ईडी की जांच में भर्ती प्रक्रिया में कथित रिश्वत, परीक्षा में अनियमितता और अवैध धन के लेनदेन के पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। एजेंसी ने कहा कि साहूकार और गीता की गिरफ्तारी इसी धन शोधन जांच का हिस्सा है। मामले की आगे की जांच जारी है।

 

Follow @mntnewsbharat