BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home ग्राउंड रिपोर्ट नॉरईस्टर ने अमेरिका में मचाई,40 लाख डॉलर से ज्यादा का नुकसान

नॉरईस्टर ने अमेरिका में मचाई,40 लाख डॉलर से ज्यादा का नुकसान

0
3

वार्शिंगटन। अमेरिका के उत्तर-पूर्वी हिस्से में शनिवार को एक बेहद ताकतवर और धीमी रफ्तार से आगे बढ़ रहे नॉरईस्टर तूफान ने जमकर कहर बरपाया। तेज हवाओं ने जगह-जगह बिजली की सप्लाई ठप कर दी, जबकि ऊंची समुद्री लहरों और लगातार हो रही बारिश ने तटीय इलाकों में हालात बिगाड़ दिए। इस तूफान की चपेट में करोड़ों लोग आए और एक समय क्षेत्र में करीब एक लाख बिजली उपभोक्ता बिना बिजली के रह गए। मौसम विभाग ने साफ किया कि फिलहाल राहत के आसार नहीं हैं। राष्ट्रीय मौसम सेवा के प्रमुख पूर्वानुमानकर्ता बॉब ओरावेक ने कहा कि अगले कुछ दिनों तक उत्तर-पूर्वी अमेरिका में तेज हवाओं, ऊंची ज्वार-लहरों और भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

ऊंची लहरों और ज्वार ने तटीय इलाकों में बढ़ाई मुसीबत
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार रात से रविवार तक न्यू जर्सी के अटलांटिक सिटी के उत्तर में समुद्र का ज्वार सबसे ज्यादा ऊंचा रहने की आशंका थी। इससे समुद्र के किनारे और खाड़ी वाले इलाकों में बड़े पैमाने पर सड़कें डूबने का खतरा पैदा हो गया। न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होकुल ने लोगों को चेतावनी देते हुए कहा, ‘इस सप्ताहांत पानी के पास जाना या पानी में उतरना अपनी जान को दांव पर लगाने जैसा है।’

लॉन्ग आइलैंड की सड़कों पर चलीं नावें और कयाक
न्यूयॉर्क के लॉन्ग आइलैंड में पानी इतना भर गया कि कुछ लोग सड़कों पर कयाक चलाते नजर आए। न्यू जर्सी के तटीय इलाके सर्फ सिटी में मरीना चलाने वाले केनी फॉर्मिका घर बैठे अपने सुरक्षा कैमरों पर पानी को मरीना के अंदर घुसते देख रहे थे। फॉर्मिका ने बताया कि उनके मरीना की इमारत के अंदर पानी पहुंचना बेहद दुर्लभ है। उन्हें आखिरी बार ऐसा 2012 में आए हरिकेन सैंडी के दौरान याद है। उस तूफान में उनके कारोबार को 40 लाख डॉलर से ज्यादा का नुकसान हुआ था।

संबंधित खबरें

तूफान आने से पहले की गई थी पूरी तैयारी 
तूफान से पहले कर्मचारियों ने डॉक की रस्सियां मजबूत कर दी थीं, खुले में रखी चीजों और उपकरणों को सुरक्षित जगह पहुंचा दिया था। मरीना के ट्रक और फोर्कलिफ्ट भी परिसर की सबसे ऊंची जगह पर खड़े कर दिए गए थे। इसके बावजूद फॉर्मिका को सुबह उठते ही ग्राहकों के कई संदेश मिले, जिनमें उनकी नावों और जेट स्की के गायब होने की जानकारी थी। एक ग्राहक ने सुबह करीब 4 बजे उन्हें वीडियो भेजा, जिसमें उनकी 25 फुट लंबी नाव लिफ्ट से उखड़कर बहती दिखाई दे रही थी। फॉर्मिका ने कहा, ‘यह करीब 8,000 पाउंड यानी लगभग 3,600 किलो की नाव है और इसकी कीमत करीब 1.5 लाख डॉलर है। और अब यह बस गायब हो गई।’

मैरीलैंड से वर्जीनिया तक पानी ने बढ़ाई परेशानी
मैरीलैंड के ओशन सिटी में समुद्र की तेज लहरों ने समुद्र तट को नुकसान पहुंचाया और टीलों के पास लगी बाड़ बहा दी। स्थानीय निवासी जे बॉयड ने फोन पर बताया कि सभी नहरों में पानी काफी ऊपर तक पहुंच गया है और लोगों के पिछवाड़ों में भी घुस रहा है। वर्जीनिया के नॉरफोक में एली हॉज अपने घर की सीढ़ियों से गुजरती गाड़ियों को देख रही थीं। पानी इतना भर गया था कि गाड़ियों के गुजरने पर सड़क पर लहरें उठ रही थीं। इस तटीय शहर में पूरे सप्ताह नॉरईस्टर की वजह से जगह-जगह पानी भरता रहा। हॉज ने कहा, ‘हमने गाड़ियों को सड़क पर फंसते और फुटपाथों तक चढ़ते देखा है। इस बार हालात काफी खराब रहे हैं।’ 

उड़ानें रद्द, खेल मुकाबलों से लेकर बड़े संगीत कार्यक्रम तक टले
तूफान ने लोगों की यात्रा और मनोरंजन की योजनाओं पर भी पानी फेर दिया। बोस्टन लोगान इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सैकड़ों उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। मैसाचुसेट्स के लोकप्रिय पर्यटन स्थलों मार्था’स वाइनयार्ड और नानटकेट जाने वाली ज्यादातर उड़ानें भी रद्द कर दी गईं। प्लेऑफ की तैयारी में जुटी बोस्टन रेड सॉक्स और शिकागो कब्स की तीन मैचों की सीरीज का कार्यक्रम भी बदलना पड़ा। तूफान से बचने के लिए दोनों टीमों ने शुक्रवार को बोस्टन में डबलहेडर खेला। इसके बाद रविवार का आखिरी मुकाबला भी फ्लोरिडा में कराने का फैसला किया गया, जहां टाम्पा बे रेज़ की टीम का घरेलू मैदान है।

एड शीरन का कॉन्सर्ट भी हुआ रद्द
तूफान की वजह से मशहूर गायक एड शीरन को मैसाचुसेट्स के फॉक्सबोरो स्थित जिलेट स्टेडियम में शुक्रवार और शनिवार के अपने बड़े कार्यक्रम रद्द करने पड़े। न्यूयॉर्क में होने वाली आयरनमैन ट्रायथलॉन भी रद्द कर दी गई। वहीं मैरीलैंड के ओशन सिटी में तीन दिन चलने वाला ‘ओशन्स कॉलिंग’ म्यूजिक फेस्टिवल भी तूफान की भेंट चढ़ गया। इस कार्यक्रम का प्रचार सोशल मीडिया पर ‘लहरों के संगीत’ के रूप में किया गया था।

शादी में आया तूफान, फिर कैंपग्राउंड बना नया वेडिंग वेन्यू
उत्तरी कैरोलिना के हैटेरस आइलैंड पर सड़क बंद होने से एक शादी की योजना भी बुरी तरह प्रभावित हुई। वर्जीनिया से आए जेयडेन सिंक और किम्बर्ली लैप्राड किसी तरह तूफान आने से पहले द्वीप पर पहुंच गए, लेकिन उनके करीब 45 मेहमान सड़क बंद होने के कारण दूसरी तरफ फंस गए। स्थानीय कैंपग्राउंड ने मदद के लिए अपना स्थान उपलब्ध करा दिया। वहां दूल्हा-दुल्हन के लिए केबिन और शादी कराने वाला अधिकारी भी उपलब्ध कराया गया। एक डीजे ने भी मुफ्त में संगीत देने की पेशकश की। इसके बाद आयोजकों ने शनिवार दोपहर द्वीप पर मौजूद लोगों को भी शादी में शामिल होने का न्योता दे दिया।

‘तूफान की धीमी रफ्तार बढ़ा सकती है नुकसान’
न्यू इंग्लैंड में शरद ऋतु के दौरान नॉरईस्टर आना कोई असामान्य बात नहीं है, लेकिन राष्ट्रीय मौसम सेवा के बॉब ओरावेक के मुताबिक इतना बड़ा तूफान इस मौसम में सामान्य से थोड़ा पहले आया है।उन्होंने बताया कि तूफान की धीमी रफ्तार समुद्र तटों को ज्यादा नुकसान पहुंचा सकती है, क्योंकि तेज हवाएं और ऊंची लहरें लंबे समय तक तट से टकराती रहेंगी।

Posts by mntnewsbharat
@mntnewsbharat
Follow @mntnewsbharat