श्रावस्ती 31 अक्टूबर, 2026/सू0वि0/उत्तर प्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीद की शुरुआत 1 नवंबर से शुरू होगी तथा 28 फरवरी 2027 तक किया जायेगा। शासन द्वारा इस वर्ष धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) भी तय कर दिया है। कॉमन धान का समर्थन मूल्य 2,441 रुपये और ग्रेड-ए धान का 2,461 रुपये प्रति क्विंटल होगा। किसानों को धान बेचने के 48 घंटे के भीतर भुगतान किया जाएगा। जनपद में 42 क्रय केंद्रों पर खरीद की जाएगी। जिसमें खाद्य विभाग के 10, पी0सी0एफ0 के 31 एवं भारतीय खाद्य निगम के 01 क्रय केन्द्र खोले गये है।
उक्त जानकारी जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने धान खरीद के सम्बन्ध में सम्बन्धित अधिकारी व मिलर्स के साथ बैठक करने के दौरान दी है। शासन द्वारा खरीद केंद्रों पर व्यवस्था बनाए रखने और किसानों को समय से भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी को निर्देशित किया कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान की सरकारी खरीद को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली जाए। इसके साथ ही उन्होने निर्देशित किया कि केन्द्रों पर बैनर के माध्यम से धान क्रय केन्द्र का नाम, खरीद एजेन्सी का नाम, न्यूनतम समर्थन मूल्य, गुणवत्ता मानक, क्रय केन्द्र प्रभारी, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी/अपीलीय अधिकारी एवं क्रय संस्था के जनपद स्तरीय अधिकारियों का नाम व मोबाइल नम्बर, यू0पी0 किसान मित्र ऐप को डाउनलोड किये जाने हेतु क्यू0आर0 कोड, शिकायत निवारण प्रणाली का विवरण एवं टोल-फ्री नंबर 18001800150 आदि सूचनाओं का प्रदर्शन अनिवार्यतः किया जायेगा। साथ ही नमी मापक यंत्र, पंखा, बोरा की उपलब्धता, किसानों के बैठने की व्यवस्था, पानी की व्यवस्था आदि व्यवस्थाएं प्रत्येक दशा में पूर्ण हो।
अपर जिलाधिकारी(वि0/रा0) ने बताया कि भारत सरकार की एग्रीस्टैक योजना के अन्तर्गत प्रदेश में बनायी गयी किसानों की फॉर्मर आई0डी0 किसानों पहचान पत्र) के आधार पर धान क्रय किया जायेगा, जिसके लिये विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण की आवश्यकता नही होगी। फार्मर आई0डी0 (किसान पहचान पत्र) से प्राप्त किसान के बोये गये धान के रकबे एवं कृषि विभाग द्वारा उपलब्ध कराये गये धान की उत्पादकता के आंकड़ो के आधार पर अधिकतम विक्रय सीमा तक ई-पॉप डिवाइस पर फार्मर आई0डी0 दर्ज कर क्रय केन्द्र प्रभारी द्वारा धान क्रय किया जायेगा। जिन किसानों के फार्मर आई0डी0 नही बनी है या चकबन्दी ग्राम में स्थिति है उनके लिए कृषकों का पंजीयन खाद्य विभाग की वेबसाईट fcs.up.gov.in पर खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की फसलों के लिए एक ही आनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। पंजीकरण कृषक द्वारा क्यू0आर0 कोड के माध्यम से किसान मित्र ऐप डाउनलोड कर स्वयं अथवा जनसूचना केन्द्र/साइबर कैफे तथा क्रय केन्द्रों पर क्रय केन्द्र प्रभारी के माध्यम से कराया जा सकेगा। कृषकों का पंजीकरण उनके आधार संख्या, भूलेख एवं पंजीकरण के समय कृषक द्वारा दर्ज मोबाईल नम्बर पर प्रेषित ओ0टी0पी0 के आधार पर किया जायेगा। धान विक्री के समय क्रय केन्द्रों पर किसान के स्वयं उपस्थित न होने की दशा में किसान द्वारा पंजीकरण के समय पंजीकरण प्रपत्र में परिवार के नामित सदस्य (माता/पिता, पति/पत्नी, पुत्र/पुत्री, दामाद/पुत्रवधू, सगा भाई/सगी बहन में से) का विवरण एवं उनका आधार नम्बर फीड कराना अनिवार्य होगा।
इस अवसर पर समस्त उप जिलाधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी नरेन्द्र मिश्रा, समस्त मिलर्स सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
