सीतापुर। कोतवाली देहात में पकड़िया दाहपुर गांव में शनिवार को घर के बाहर अलाव ताप रही वृद्धा को एक स्कूली वैन ने कुचल दिया। गंभीर हालत में परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी है।
शिवरानी (80) शनिवार को अपने घर के बाहर जमीन पर बैठकर अलाव ताप रही थीं। इसी दौरान एक निजी स्कूल की वैन वहां से गुजरी। शिवरानी वैन की चपेट में आ गईं। परिजनों के अनुसार टक्कर लगने के बाद भी वैन चालक ने वाहन को नहीं राेका। इस वजह से शिवरानी गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, वहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों के अनुसार चालक की लापरवाही के कारण हादसा हुआ है। परिजनों ने स्कूल वैन चालक के विरुद्ध तहरीर दी है। इंस्पेक्टर अमर सिंह ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
















