महराजगंज के रमजिता गांव से लापता दो माह के विक्की का तीसरे दिन भी पता नहीं चला। एसओजी, स्वाट और डॉग स्क्वायड की मदद से पुलिस की चार टीमें उसकी तलाश कर रही हैं। नौतनवां के पूर्व विधायक मुन्ना सिंह ने परिवार से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के राजाबारी टोला रमजिता निवासी गोविंद राजभर सोमवार रात पत्नी सुशीला और दो माह के बेटे विक्की के साथ घर में सो रहे थे। रात करीब दो बजे सुशीला ने बच्चे को दूध पिलाया। इसके बाद बच्चा सो गया और पति-पत्नी भी सो गए। मंगलवार सुबह उठने पर बिस्तर से बच्चा गायब मिला। परिवार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और परिजनों ने आसपास के घरों, कुओं, पोखरों, गड्ढों और गांव के सिवान में तलाश की, लेकिन बच्चे का पता नहीं चला। निचलौल के क्षेत्राधिकारी रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बच्चे को सुरक्षित खोजने के लिए पुलिस की चार टीमें लगातार काम कर रही हैं। पूर्व विधायक मुन्ना सिंह रमजिता गांव पहुंचे और परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया और कानून व पुलिस प्रशासन पर भरोसा रखने की बात कही। विक्की के लापता होने के बाद उसकी मां सुशीला रो रही हैं और बार-बार बेसुध हो जा रही हैं। परिवार के लोग ठीक से खाना-पीना भी नहीं कर पा रहे हैं। बच्चे के लापता होने से गांव के लोग भी चिंतित हैं।
