Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश AI की रफ्तार के बीच कैसे बदल रही हैं भारतीय अदालतें? फैसले...

AI की रफ्तार के बीच कैसे बदल रही हैं भारतीय अदालतें? फैसले सुनाने में क्यों जरूरी है इंसानी निगरानी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय अदालतों में एआई के बढ़ते उपयोग के बीच सुप्रीम कोर्ट ने इसके संचालन के लिए अपने पहले ड्राफ्ट नियम (2026) जारी किए हैं। फैसलों के अनुवाद, गवाहों के बयान दर्ज करने और कानूनी रिसर्च में एआई टूल्स का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है।

ये तकनीकें अदालती कामकाज की गति बढ़ा सकती हैं, लेकिन सटीकता, गोपनीयता, डीपफेक सबूतों और गलतियों की स्थिति में जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल भी खड़े कर रही हैं।

अदालती कामकाज में एआई की भूमिका

कानून विशेषज्ञों के अनुसार, एआई फिलहाल न्यायिक फैसलों की जगह नहीं, बल्कि अदालतों की रोजमर्रा की प्रक्रियाओं को सुगम बनाने में मदद कर रहा है। JSA एडवोकेट्स एंड सॉलिसिटर्स के जॉइंट मैनेजिंग पार्टनर अमर गुप्ता बताते हैं कि एआई जानकारी के प्रबंधन और समय लेने वाले प्रक्रियात्मक कार्यों को सरल बनाकर अदालती रुकावटों को कम कर सकता है।

जहां सुवास जैसे टूल्स के जरिए 15 से अधिक भाषाओं में फैसलों का अनुवाद किया जा रहा है, वहीं सुपेस अभी प्रायोगिक चरण में है। लीगल टॉर्क की पार्टनर तनवीन सिंह के अनुसार, अनुवाद, रियल-टाइम ट्रांसक्रिप्शन और कानूनी रिसर्च में AI की भूमिका बढ़ी है।

इसके अलावा, 2025 में अपनी एआई नीति लाने वाला केरल हाई कोर्ट राज्यभर में गवाहों के बयान दर्ज करने के लिए अदालत एआई के इस्तेमाल को अनिवार्य कर चुका है, जबकि कई जज आदेश लिखवाने और रिसर्च के लिए भी इसका सहारा ले रहे हैं।

स्वतंत्र निर्णय की चुनौती

एक अहम सवाल यह है कि क्या जज एआई द्वारा तैयार रिसर्च पर बिना किसी संदेह के भरोसा कर सकते हैं? तनवीन सिंह का कहना है कि एआई का विश्लेषण उसे दिए गए डाटा और पैटर्न पर निर्भर करता है; ऐसे में अंधाधुंध निर्भरता स्वतंत्र और विविध सोच को सीमित कर सकती है।

अमर गुप्ता के मुताबिक, पुराने फैसलों को ढूंढने और उनसे अपनी न्यायिक तर्कशक्ति गढ़ने के बीच स्पष्ट अंतर होना जरूरी है। जजों को एआई के आउटपुट को जस का तस स्वीकार करने के बजाय स्रोतों की स्वयं जांच करनी चाहिए और अपने निष्कर्षों की पूरी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। मनगढ़ंत या फर्जी केस लॉ किसी भी निर्णय का आधार नहीं बन सकते।

कानूनी सुरक्षा के पहलू

एआई आधारित फर्जी वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग अदालतों के सामने प्रमाणिकता की बड़ी चुनौती पेश कर रहे हैं। तनवीन सिंह का मानना है कि जजों और वकीलों को डीपफेक की कार्यप्रणाली समझने के लिए नियमित प्रशिक्षण की आवश्यकता है।

भारतीय साक्ष्य अधिनियम, 2023 के तहत इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड के साथ सर्टिफिकेट और विशेषज्ञ राय का प्रावधान है, लेकिन अमर गुप्ता के अनुसार केवल सर्टिफिकेट वास्तविकता की पूरी गारंटी नहीं देता। इसके लिए चेन ऑफ कस्टडी, मूल रिकॉर्ड, मेटाडेटा, हैश वैल्यू, फोरेंसिक जांच और विरोधी पक्ष को चुनौती देने का अवसर जैसे उपाय भी अहम हैं।

भारत में एआई के लिए फिलहाल कोई अलग समर्पित कानून नहीं है। सुप्रीम कोर्ट का ड्राफ्ट राष्ट्रीय स्तर का पहला ढांचा तैयार करने का प्रयास है, जो ह्यूमन-इन-द-लूप यानी इंसान की सर्वोच्चता पर जोर देता है और एआई के उपयोग के प्रकटीकरण की बात करता है।

यह पहल सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता, भारतीय साक्ष्य अधिनियम और डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण (DPDP) अधिनियम, 2023 जैसे मौजूदा कानूनी ढांचों और इंडिया AI गवर्नेंस गाइडलाइंस के अनुरूप आगे बढ़ रही है।

डाटा के गोपनीयता की चिंताएं

अगर एआई से कोई गलती होती है, तो आखिरी जिम्मेदारी इंसानों और संबंधित संस्थाओं की होगी। तनवीन सिंह ने फर्जी केस लॉ पेश करने पर सिंगापुर और भारत में वकीलों पर लगे जुर्माने के उदाहरणों का हवाला देते हुए कहा कि जवाबदेही तय की जा रही है।

अमर गुप्ता के अनुसार, जज अपने तर्कों, वकील अपनी दलीलों व साक्ष्यों और अदालती अधिकारी अपने प्रमाणित परिणामों के लिए जवाबदेह है। ड्राफ्ट नियमों में प्रभाव आकलन, नियंत्रित परीक्षण और आवधिक ऑडिट का प्रस्ताव भी रखा गया है।

वहीं, संवेदनशील मुकदमों में निजता बड़ी चुनौती है। सार्वजनिक क्लाउड टूल्स के जरिए व्यक्तिगत डेटा सीमाओं के पार जा सकता है।