डिजिटल डेस्क, तिरुवनंतपुरम। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के संस्मरणों को पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव के पोते एन.वी. सुभाष ने बुधवार को झूठ का पुलिंदा करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इसमें गांधी परिवार के सत्ता में रहने के दौरान हुई ऐतिहासिक गलतियां मौजूद हैं। इसमें इमरजेंसी का समय भी शामिल है।
भाजपा की तेलंगाना इकाई के मुख्य प्रवक्ता सुभाष ने गांधी पर आरोप लगाया कि उन्होंने कांग्रेस पार्टी और देश के लिए राव के योगदान को जानबूझकर नजरअंदाज किया है। उन्होंने कहा कि इस बात से उन्हें कोई हैरानी नहीं हुई है।
‘यह कोई हैरानी की बात नहीं’
न्यूज एजेंसी पीटीआई के साथ हुई बातचीत में उन्होंने दावा किया, “स्वर्गीय पीवी नरसिम्हा राव के परिवार के सदस्य के तौर पर हमारे लिए यह कोई बड़ी हैरानी की बात नहीं थी कि किताब में उनका जिक्र नहीं है। उन्होंने (गांधी ने) निश्चित रूप से और जानबूझकर कांग्रेस पार्टी और देश के लिए उनके योगदान को नजरअंदाज करना चाहा होगा।”
‘अपनी ही पार्टी के नेताओं को छोटा दिखाने की आदत’
सुभाष ने कहा कि गांधी परिवार की यह पुरानी आदत रही है कि वे अपने ही नेताओं को नजरअंदाज करते हैं और उन्हें छोटा दिखाते हैं, ताकि गांधी परिवार के सदस्यों को ज्यादा अहमियत मिल सके। उन्होंने आगे कहा कि किताब को पढ़ने पर, “हमें इसमें काफी असमानताएं और विरोधाभास नजर आते हैं।”
ऐसे ही एक विरोधाभास का उदाहरण देते हुए सुभाष ने कहा, “एक तरफ तो वह कहती हैं कि वह नहीं चाहती थीं कि उनके पति दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी राजनीति में आएं और दूसरी तरफ वह खुद अपने बच्चों को मुख्यधारा की राजनीति में लाती हैं और भविष्य में अपने पोते-पोतियों को भी लाएंगी। तो यह पाखंड है।”
‘समाज के एक वर्ग को खुश करने की कोशिश’
उन्होंने गांधी पर बाबरी मस्जिद विध्वंस के मुद्दे पर मगरमच्छ के आंसू बहाने का भी आरोप लगाया। सुभाष ने कहा कि बाबरी मस्जिद विध्वंस की घटना पर उनके भावुक होने के दावे यह दर्शाते हैं कि वह खुद को हिंदुओं से दूर कर रही हैं और समाज के कुछ वर्गों को खुश करने की कोशिश कर रही हैं।
उन्होंने कहा, “बीजेपी सोचती है कि यह किस तरह का पाखंड है, क्योंकि बाबरी मस्जिद के लिए 400 साल तक संघर्ष और कानूनी लड़ाइयां चलीं और आखिरकार सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद ही वहां राम मंदिर का निर्माण हुआ।” उन्होंने कहा कि भारत और दुनिया के हर कोने से और जीवन के हर क्षेत्र से लोग राम जन्मभूमि आ रहे हैं, इसलिए गांधी समाज के कुछ खास वर्गों को खुश करने की कोशिश कर रही थीं।
बीजेपी नेता ने आगे कहा कि पिछले 20 सालों से कांग्रेस पार्टी किसी न किसी राज्य में हारती आ रही है और कई राज्यों में तो वे 30-40 सालों से सत्ता से बाहर हैं। उन्होंने दावा किया, “इसलिए, इस समय यह किताब केवल उनके परिवार के सदस्यों को पार्टी कार्यकर्ताओं से जोड़ने का काम कर रही है, जो कि इस किताब को नजरअंदाज कर रहे हैं।”
