Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश क्या वास्तु ठीक करने से सुधरती है आर्थिक स्थिति? जानें धन लाभ...

क्या वास्तु ठीक करने से सुधरती है आर्थिक स्थिति? जानें धन लाभ के 5 अचूक वास्तु सिद्धांत, जिन्हें अपनाने से घर में आती है सुख-समृद्धि

पैसा कमाने के लिए लोग क्या कुछ नहीं करते! कोई नौकरी में दिन-रात मेहनत करता है, तो कोई अपना कारोबार खड़ा करने में पूरी जिंदगी लगा देता है. इसके बावजूद कई बार घर की आर्थिक स्थिति सुधरने का नाम नहीं लेती. कमाई होती है, लेकिन बचत नहीं. कोई न कोई खर्च सामने आ जाता है और महीने के आखिर में फिर वही हिसाब-किताब. वास्तु शास्त्र में ऐसी स्थितियों को समझने के लिए घर की बनावट और दिशाओं पर भी ध्यान दिया जाता है. लोग घर बनवाते समय नक्शे, सजावट और सुविधाओं पर तो खूब ध्यान देते हैं, लेकिन दिशाओं से जुड़ी छोटी-छोटी बातों को अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं. अगर आप भी चाहते हैं कि घर में धन की बचत हो, कामकाज में स्थिरता आए और परिवार का वातावरण बेहतर रहे, तो इन पांच बातों पर जरूर गौर कीजिए.

उत्तर और ईशान कोण में सामान भरने की गलती न करें

घर की उत्तर दिशा को धन के देवता कुबेर से जोड़कर देखा जाता है. वहीं उत्तर-पूर्व का हिस्सा यानी ईशान कोण पूजा और आध्यात्मिक गतिविधियों के लिए विशेष माना गया है. मगर घरों में अक्सर इसका उल्टा देखने को मिलता है. जिस कोने को खुला और साफ रखना चाहिए, वहां पुराने डिब्बे, टूटे इलेक्ट्रॉनिक सामान और बेकार पड़ी चीजों का ढेर लगा रहता है. धीरे-धीरे यह जगह स्टोर रूम बन जाती है. ऐसा करना ठीक नहीं है. उत्तर और ईशान कोण में अनावश्यक सामान रखने से बचें. इस हिस्से को साफ रखें.

पैसा रखने की जगह भी सोच-समझकर तय करें

कई घरों में अच्छी कमाई के बावजूद बचत नहीं हो पाती. इसकी वजह सिर्फ आमदनी और खर्च का गणित नहीं होता, बल्कि पैसे को संभालने की आदत भी मायने रखती है. वास्तु शास्त्र में धन रखने के स्थान को लेकर कुछ नियम बताए गए हैं. दक्षिण-पश्चिम दिशा को स्थिरता का प्रतीक माना जाता है. इसीलिए यहां तिजोरी या धन रखने वाली अलमारी रखना शुभ माना गया है. तिजोरी का दरवाजा उत्तर दिशा की ओर खुलना बेहतर माना जाता है. एक छोटी-सी बात और. तिजोरी में सिर्फ पैसे रखना ही काफी नहीं, उसकी व्यवस्था भी ठीक होनी चाहिए. पुराने कागज, बेकार रसीदें और गैरजरूरी सामान निकालते रहें.

मुख्य दरवाजे को नजरअंदाज ना करें

अक्सर लोग घर के अंदरूनी हिस्से को तो खूबसूरती से सजाते हैं, लेकिन मुख्य दरवाजे के पास जूते-चप्पल बिखरे रहते हैं. कहीं पुराना सामान पड़ा है, तो कहीं रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होती. वास्तु के अनुसार मुख्य द्वार साफ, सुंदर और रोशनी से युक्त होना चाहिए. दरवाजा खोलते या बंद करते समय आवाज नहीं आनी चाहिए. उसके सामने किसी तरह की अनावश्यक रुकावट भी न हो. शाम के समय प्रवेश द्वार पर दीपक जलाने की परंपरा भी रही है. इसे शुभ माना जाता है और घर का वातावरण भी अच्छा लगता है.

घर का बीच वाला हिस्सा सामान रखने की जगह नहीं है

आजकल मकानों में जगह की कमी रहती है. ऐसे में लोग उपलब्ध जगह का पूरा इस्तेमाल करना चाहते हैं. कई बार इसी चक्कर में घर का मध्य भाग भी भारी सामान से भर दिया जाता है. वास्तु शास्त्र में घर के इस हिस्से को ब्रह्मस्थान कहा गया है. कोशिश करें कि यह हिस्सा खुला रहे और वहां हवा तथा रोशनी का आवागमन बना रहे.

टपकते नल और दीवारों की सीलन को मामूली न समझें

वास्तु शास्त्र में जल को धन और समृद्धि के प्रवाह से जोड़ा गया है. इस दृष्टि से घर में पानी का अनावश्यक रिसाव शुभ नहीं माना जाता. इसे धन की बर्बादी का प्रतीक भी माना गया है. इसलिए खराब नल और पाइपलाइन को समय रहते ठीक करवाएं. दीवारों में सीलन हो तो उसकी वजह पता करें. यह केवल वास्तु का मामला नहीं है, बल्कि घर की देखभाल से भी जुड़ा है.

क्या इन पांच बदलावों से घर में आने लगेगा पैसा?

यहां एक बात समझना जरूरी है. वास्तु शास्त्र को करोड़पति बनने का कोई शॉर्टकट नहीं समझना चाहिए. केवल तिजोरी की दिशा बदल देने या ईशान कोण साफ कर देने से कोई रातोंरात अमीर नहीं बन जाता. समृद्धि का मतलब सिर्फ ज्यादा पैसा कमाना नहीं, बल्कि कमाए हुए धन को बचा पाना और परिवार के साथ सुकून से रह पाना भी है. यही बात वास्तु को समझते समय हमेशा ध्यान में रखनी चाहिए.

 

(function(d, s, id) { var js, fjs = d.getElementsByTagName(s)[0]; if (d.getElementById(id)) return; js = d.createElement(s); js.id = id; js.src = “//connect.facebook.net/en_US/sdk.js#xfbml=1”; fjs.parentNode.insertBefore(js, fjs); }(document, ‘script’, ‘facebook-jssdk’));