डिजिटल डेस्क, कोच्चि। कोच्चि से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें पहले डॉक्टर ने खुद के साथ मारपीट होने का आरोप लगाया, लेकिन अब इस मामले में डॉक्टर पर ही रेप का आरोप लगा है।
पुलिस ने उस डॉक्टर के खिलाफ ही रेप का केस दर्ज कर लिया है, जिस पर हमला हुआ था। यह घटनाक्रम डॉक्टर के साथ मारपीट की बात के एक दिन बाद सामने आया है।
दक्षिण भारतीय भाषाओं की कई फिल्मों में काम कर चुकीं एक अभिनेत्री को 2 नवंबर को कोच्चि के एक फ्लैट में डॉक्टर के साथ हुई मारपीट और लूट के मामले में गिरफ्तार किया गया था।
डॉक्टर की शिकायत के मुताबिक, उन्हें एक महिला (अभिनेत्री की रिश्तेदार) का इलाज करने के बहाने फ्लैट पर बुलाया गया था। वहां उन्हें धमकाया गया, उनके साथ मारपीट की गई और करीब 3 लाख रुपये की कीमत के दो मोबाइल फोन लूट लिए गए।
डॉक्टर का दावा है कि आरोपियों ने उन पर महिला को नशीली दवा देकर रेप करने का आरोप लगाया और कई बार बेरहमी से उनकी पिटाई की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान अभिनेत्री ने उन्हें गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी।
डॉक्टर की शिकायत के आधार पर, पुलिस ने 4 नवंबर को आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 127 (गलत तरीके से बंधक बनाना), 115 (जानबूझकर चोट पहुंचाना), 296 (अश्लील हरकतें और गाने), 351 (आपराधिक धमकी) और 310 (डकैती) के तहत FIR दर्ज की और जांच शुरू कर दी।
