लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान युवक नदी में डूबा:धानी में NDRF की टीम तलाश में जुटी, घाट पर रोशनी नहीं होने पर उठे सवाल

0
0

धानी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा नौसागर के टोला सुख चैनपुर निवासी 30 वर्षीय युवक लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान बुधवार देर शाम धानी स्थित राप्ती नदी में गिरकर लापता हो गया।घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देर रात तक युवक का कोई सुराग नहीं मिलने पर गुरुवार सुबह को भी उसकी तलाश जारी रही।मौके पर पहुंची एनडीआरएफ की टीम नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। जानकारी के अनुसार रमेश पुत्र रामदवन (30) बुधवार देर शाम लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के लिए राप्ती नदी पहुंचा था।इसी दौरान वह प्रतिमा के साथ नदी में नीचे गिर गया और देखते ही देखते लापता हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद उसका पता नहीं चल सका।एनडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर खोजबीन शुरू की। उधर रमेश के लापता होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और भाई विनोद का रो-रोकर बुरा हाल है।रमेश के परिवार में आठ साल का एक बेटा और छह साल की एक बेटी है। पिता के लापता होने की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी, फरेंदा के उपजिलाधिकारी प्रेम शंकर पांडेय और पुलिस क्षेत्राधिकारी दीपशिखा वर्मा मौके पर पहुंचे। वहीं बृजमनगंज थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा भी पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का जायजा लेते हुए राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली। विसर्जन स्थल पर रोशनी की व्यवस्था नहीं होने पर उठे सवाल घटना के बाद विसर्जन स्थल पर प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि धानी स्थित राप्ती नदी के घाट पर हर साल सैकड़ों प्रतिमाओं का विसर्जन होता है, इसके बावजूद वहां प्रकाश की कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। प्रशासन द्वारा रात 11 बजे लाइट की व्यवस्था की गयीं वही लापता युवक के भाई विनोद ने धानी चौकी पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि घटना के बाद जब उन्होंने पुलिस से मदद मांगी तो कथित तौर पर उन्हें जवाब मिला कि इतनी रात हो गई है जाकर खुद ढूंढ लो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here