BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home ग्राउंड रिपोर्ट उधमपुर में दो पाकिस्तानी आतंकवादी ढेर, इलाके में तलाशी अभियान जारी

उधमपुर में दो पाकिस्तानी आतंकवादी ढेर, इलाके में तलाशी अभियान जारी

0
0

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सुरक्षा बलों ने ऑपरेशन सों के दौरान दो पाकिस्तानी जैश-ए-मोहम्मद आतंकवादियों को मार गिराया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने दोनों आतंकवादियों की पहचान सद्दाम और मुस्तफा के रूप में की है। मुठभेड़ के बाद इलाके में तलाशी अभियान जारी है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, “आप भाग सकते हैं, लेकिन छिप नहीं सकते। ऑपरेशन सों में मारे गए दोनों पाकिस्तानी जैश-ए-मोहम्मद आतंकवादियों की पहचान सद्दाम और मुस्तफा के रूप में हुई है।”

पुलिस के मुताबिक, मारे गए आतंकवादियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है। इनमें एके असॉल्ट राइफल की चार मैगजीन, एम4 कार्बाइन की तीन मैगजीन, ग्लॉक पिस्तौल की दो मैगजीन और चार ग्रेनेड शामिल हैं।

अधिकारियों के अनुसार, बुधवार शाम उधमपुर जिले के मजालता इलाके में संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने संयुक्त रूप से घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया था। इसी दौरान आतंकवादियों से संपर्क स्थापित हुआ और गोलीबारी शुरू हो गई।

अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान दो आतंकवादी मारे गए। हालांकि, इलाके में तलाशी और सैनिटाइजेशन अभियान अभी जारी है।

ऑपरेशन की शुरुआत जम्मू-कश्मीर पुलिस और सेना की पैरा स्पेशल फोर्सेज ने की थी। मुठभेड़ शुरू होने के बाद अतिरिक्त सुरक्षाबलों को तत्काल मौके पर भेजा गया। फिलहाल भारतीय सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) की संयुक्त टीम इलाके में तलाशी अभियान चला रही है।

यह अभियान पीर पंजाल क्षेत्र में बढ़ी सुरक्षा गतिविधियों के बीच चल रहा है। हाल ही में राजौरी में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े कथित ओवरग्राउंड वर्कर नेटवर्क का भंडाफोड़ किया गया था। 15 सितंबर को राजौरी पुलिस ने पीर पंजाल क्षेत्र में कथित आतंकी मॉड्यूल से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। इनकी पहचान जाकिर हुसैन, मोहम्मद आजम और मोहम्मद मुश्ताक के रूप में हुई थी।

सुरक्षाबलों ने इलाके में निगरानी और तलाशी अभियान तेज कर दिया है। इसके लिए स्निफर डॉग और हवाई निगरानी की भी मदद ली जा रही है, ताकि किसी अन्य छिपे हुए आतंकवादी का पता लगाया जा सके।

उधमपुर-रियासी रेंज के रणनीतिक मार्गों पर हाई अलर्ट, वाहनों की जांच और कड़ी घेराबंदी जारी है। उधमपुर, रियासी, रामबन, कठुआ, पुंछ और राजौरी के पहाड़ी इलाकों में भी सुरक्षा बल विशेष सतर्कता बरत रहे हैं। इन दुर्गम क्षेत्रों में पाकिस्तानी आतंकवादियों की संदिग्ध गतिविधियों की सूचनाओं के बाद तलाशी अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं।

सुरक्षा बलों के मुताबिक, पिछले छह महीनों से अधिक समय से इन पहाड़ी इलाकों में आतंकवाद विरोधी अभियान जारी हैं। इन अभियानों में कई शीर्ष आतंकवादियों को मार गिराने में सफलता मिली है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, लगातार चल रहे अभियानों का उद्देश्य आतंकवादियों पर दबाव बनाए रखना है, ताकि वे सुरक्षित ठिकाना बनाकर सुरक्षा बलों या आम नागरिकों के खिलाफ हमले की योजना न बना सकें।