भंगही के पास तेज रफ्तार बाइक ने मारी जोरदार टक्कर, बहराइच मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम
श्रावस्ती। कोतवाली भिनगा क्षेत्र के ग्राम पंचायत भंगही के पास सोमवार की देर शाम सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। खेत से धान काटकर घर लौट रहे व्यक्ति को तेज रफ्तार बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए बहराइच मेडिकल कॉलेज ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत भंगही के कुरसहा निवासी राम सागर विश्वकर्मा उम्र करीब 55 वर्ष सोमवार शाम करीब पांच बजे अपने खेत से धान काटकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान ऐलहवा कोडरी निवासी राधे पुत्र टहलू तेज रफ्तार से बाइक लेकर जा रहा था। आरोप है कि बाइक सवार ने राम सागर को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन घटना स्थल पर पहुंचे और घायल राम सागर को जिला अस्पताल भिनगा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने राम सागर को मृत घोषित कर दिया।
बहराइच में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव मंगलवार को घर पहुंचा तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई। हादसे से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।









