*
*महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलम्बन एवं सशक्तीकरण के साथ साइबर अपराध, यातायात नियमों एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति किया गया जागरूक*
पुलिस अधीक्षक श्रावस्ती *श्री राहुल भाटी* के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक *श्री चन्द्रकेश सिंह* के पर्यवेक्षण में मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलम्बन एवं सशक्तीकरण के उद्देश्य से व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इसी क्रम में कोतवाली भिनगा में अपर पुलिस अधीक्षक *श्री चन्द्रकेश सिंह* एवं क्षेत्राधिकारी भिनगा *श्री आलोक कुमार सिंह* की उपस्थिति में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, आत्मनिर्भर बनने तथा किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, शोषण अथवा अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में मिशन शक्ति टीमों द्वारा आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षिकाओं, महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं तथा अन्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सहभागिता रही। इस दौरान महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, आत्मनिर्भरता एवं सामाजिक सशक्तीकरण से संबंधित विषयों पर जानकारी देते हुए महिलाओं को समाज में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने तथा बालिकाओं की शिक्षा एवं सुरक्षित भविष्य के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु प्रेरित किया गया।
मिशन शक्ति टीमों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, बाल विवाह, मानव तस्करी तथा अन्य महिला एवं बाल अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न अथवा असुरक्षा की स्थिति में संकोच किए बिना पुलिस की सहायता लें। एंटी रोमियो टीमों द्वारा सार्वजनिक स्थलों, बाजारों एवं शिक्षण संस्थानों के आसपास भ्रमण कर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के दृष्टिगत सतर्कता बरती गई।
कार्यक्रमों के दौरान साइबर अपराध, ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, साइबर बुलिंग, ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी के दुरुपयोग से बचाव के संबंध में भी जागरूक किया गया। महिलाओं एवं बालिकाओं को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने तथा सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने की सलाह दी गई। साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
इसके साथ ही उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं तथा अन्य नागरिकों को यातायात नियमों के पालन एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने तथा नशे की स्थिति में वाहन न चलाने के संबंध में जानकारी देते हुए सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने की अपील की गई।
मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को शासन द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही शिक्षा, कौशल विकास एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित योजनाओं के बारे में जागरूक करते हुए पात्रतानुसार लाभ प्राप्त करने के लिए संबंधित विभागों से संपर्क करने हेतु प्रेरित किया गया।
कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों 1090 (वीमेन पावर लाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 1930 (साइबर वित्तीय धोखाधड़ी हेल्पलाइन) एवं 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) की जानकारी दी गई, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे समय से सहायता प्राप्त कर सकें।
श्रावस्ती पुलिस द्वारा मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, आत्मविश्वास एवं आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों द्वारा यह जनजागरूकता अभियान निरंतर जारी रहेगा।
*श्रावस्ती पुलिस — सुरक्षा, सम्मान, स्वावलम्बन एवं सशक्तीकरण के लिए सदैव प्रतिबद्ध।*





















