*मिशन शक्ति एवं शक्ति मोबाइल टीमों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलम्बन, साइबर अपराधों से बचाव एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति किया गया जागरूक*
पुलिस अधीक्षक श्रावस्ती *श्री राहुल भाटी* के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक *श्री चन्द्रकेश सिंह* के पर्यवेक्षण में मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति एवं शक्ति मोबाइल टीमों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलम्बन एवं सशक्तीकरण के उद्देश्य से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान महिला पुलिसकर्मियों द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में गांवों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं शिक्षण संस्थानों के आसपास महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा आत्मनिर्भर बनने के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, छेड़छाड़ अथवा अन्याय की स्थिति में बिना किसी भय या संकोच के पुलिस से सहायता लेने हेतु प्रेरित किया गया।
मिशन शक्ति टीमों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला संबंधी अपराधों, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, बाल विवाह, मानव तस्करी एवं अन्य अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। शक्ति मोबाइल टीमों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में भ्रमण कर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के दृष्टिगत सतर्कता बरती गई तथा उन्हें सुरक्षित वातावरण के प्रति आश्वस्त किया गया।
इस दौरान साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, साइबर बुलिंग एवं ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग से बचाव के उपाय बताए गए। अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करने तथा सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की अपील की गई।
महिलाओं एवं बालिकाओं को शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, महिला सशक्तीकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आत्मनिर्भरता से संबंधित योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्रतानुसार लाभ प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही यातायात नियमों के पालन एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने की अपील की गई।
जागरूकता अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों *1090 (वीमेन पावर लाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 1930 (साइबर वित्तीय धोखाधड़ी हेल्पलाइन) एवं 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन)* की जानकारी दी गई, जिससे आवश्यकता पड़ने पर वे तत्काल सहायता प्राप्त कर सकें।
श्रावस्ती पुलिस द्वारा मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा आत्मविश्वास एवं आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति एवं शक्ति मोबाइल टीमों द्वारा जनजागरूकता अभियान निरंतर जारी रहेगा।
*श्रावस्ती पुलिस — सुरक्षा, सम्मान, स्वावलम्बन एवं सशक्तीकरण के लिए सदैव प्रतिबद्ध।*



















