महराजगंज के रूधौली खास गांव के इरफान अली (52) की बाइक की टक्कर से घायल होने के बाद मौत हो गई। शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे हादसे के बाद उन्हें गोरखपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने आज शाम 5 बजे दम तोड़ दिया।
इरफान गांवों और बाजारों में फेरी लगाकर फैंसी सामान बेचते थे। शुक्रवार शाम वह रसूलपुर से सामान बेचकर साइकिल से घर लौट रहे थे। पकड़ी चौराहे पर पुलिस चौकी के पास पीछे से आई बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी।
स्थानीय लोग उन्हें महराजगंज जिला अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें गोरखपुर के निजी अस्पताल रेफर किया।
इरफान का इकलौता बेटा रोजी-रोटी के लिए विदेश में है। घर में उनकी पत्नी और बहू हैं।
पकड़ी चौकी के उपनिरीक्षक अखिलेश वर्मा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया है। मामले की जांच की जा रही है और बाइक सवारों की तलाश जारी है।
ग्रामीणों ने बाइक सवारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
