पीटीआई, नई दिल्ली। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने त्योहारों के मौसम में मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए एक सितंबर से शुरू किए गए देशव्यापी निरीक्षण अभियान के दौरान 82 करोड़ रुपये के पनीर, दूध, घी, मिठाइयों सहित 3,280 टन खाद्य उत्पाद जब्त किए हैं।
ये प्रतिबंधित और मानकों के अनुरूप नहीं थे। खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए एफएसएसएआई ने 52 लाइसेंस रद किए, 1,133 लाइसेंस निलंबित किए और 314 प्रतिष्ठानों को सील कर दिया।
एफएसएसएआई ने शनिवार को इंटरनेट मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि त्योहारों को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है।
प्राधिकरण ने बताया कि एक सितंबर से पांच नवंबर के बीच देशव्यापी अभियान के तहत 56,431 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान पनीर, घी, दूध और मिठाइयों सहित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए खाद्य उत्पाद जब्त किए गए। इसके अलावा, प्राधिकरण ने खाद्य कारोबारियों को सुधार के लिए 10,047 नोटिस जारी किए।
