जनसुनवाई में प्राप्त हुए 10 शिकायतें, 03 का किया मौके पर निस्तारण
बिना भेदभाव के प्रत्येक महिला को सामाजिक सुरक्षा हो मुहैया-सदस्या, अंजू प्रजापति
श्रावस्ती। प्रदेश के राज्य महिला आयोग की माननीय सदस्या अंजू प्रजापति जी जनपद में महिला उत्पीड़न की रोकथाम एवं पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाये जाने तथा महिला जनसुनवाई एवं समीक्षा किये जाने हेतु जनपद निरीक्षण भवन भिनगा पहुंची। तत्पश्चात् मा0 सदस्या जी ने पुलिस लाइन सभागार पहुंचकर महिला उत्पीड़न से पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को सुना। इस दौरान मा0 सदस्या को कुल 10 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 03 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया तथा कुछ मामले न्यायालय से सम्बन्धित प्रकरण थे। शेष अन्य शिकायतों के निराकरण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया।इस अवसर पर सदस्या ने महिलाओं एवं बालिकाओं की समस्याओं व शिकायतों से रूबरू होते हुए कहा कि समस्याओं से पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं को त्वरित न्याय देने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होने कहा कि बिना भेदभाव के प्रत्येक महिला को समाजिक सुरक्षा मुहैया करायी जाए, इसके लिए महिला आयोग सदैव प्रयासरत है। महिलाओं के साथ सवेंदनशील व्यवहार किया जाए। उन्होने महिलाओं से भी अपेक्षा किया कि अपने जीवन में प्रेम और विश्वास बढ़ायें, जिससे उनका पारिवारिक जीवन सुखी ढंग से चल सके।
उन्होने कहा कि सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों का भी दायित्व बनता है कि वे महिलाओं एवं बालिकाओं छोटी-बड़ी शिकायतों को गम्भीरता से लें और त्वरित कार्यवाही कर उन्हे न्याय शुलभ करायें ताकि समस्याओं से ग्रसित महिलाओं एवं बालिकाओं को न्याय के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े और उनका मान-सम्मान प्रत्येक दशा में कायम रहे।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 ए0के0 सिंह, उपजिलाधिकारी श्रेया, पुलिस क्षेत्राधिकारी आलोक सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी मो0 मुमताज, जिला कार्यक्रम अधिकारी अरविंद रस्तोगी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अकांक्षा रावत, महिला थाना प्रभारी पुष्पलता सहित सम्बन्धित अधिकारीगण एवं पीड़ित महिलाएं उपस्थित रही।





























