Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश पीएम मोदी से मिले प्रिंस विलियम और केट मिडलटन, ‘इंडिया-यूके विजन 2035’...

पीएम मोदी से मिले प्रिंस विलियम और केट मिडलटन, ‘इंडिया-यूके विजन 2035’ और रणनीतिक साझेदारी पर हुई चर्चा

0
0

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट मिडलटन ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों ने भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने तथा रक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी बयान के अनुसार, मोदी ने भारत-ब्रिटेन संबंधों में बढ़ती गति का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच सहयोग को ‘इंडिया-यूके विजन 2035’ और जुलाई में लागू हुए व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते (सीईटीए) से नई मजबूती मिली है।

प्रधानमंत्री ने पर्यावरण से जुड़ी चुनौतियों के समाधान के लिए नवाचार को प्रोत्साहित करने में अर्थशाट प्राइज के प्रयासों की भी सराहना की।

उन्होंने इस पुरस्कार के माध्यम से भारतीय नवाचारकर्ताओं और वैश्विक पर्यावरण संरक्षण में उनके योगदान को पहचान मिलने की प्रशंसा की। मुंबई में मंगलवार को अर्थशाट पुरस्कार समारोह आयोजित किया गया था।

मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुलाकात को सुखद बताते हुए कहा कि वह दोनों देशों के लोगों की साझा समृद्धि के लिए द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के इच्छुक हैं। प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन 16 से 18 नवंबर तक तीन दिवसीय भारत दौरे पर हैं।

प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट मिडलटन के भारत दौरे के बीच ब्रिटिश राजघराने का पुराना इतिहास भी चर्चा में है। ठीक 105 साल पहले, 1921 में तत्कालीन प्रिंस आफ वेल्स एडवर्ड (बाद में किंग एडवर्ड अष्टम) मुंबई पहुंचे थे। उन्होंने देश का चार महीने का शाही दौरा किया था। इससे पहले 1875 और 1905 में भी ब्रिटिश राजघराने के दो उत्तराधिकारी मुंबई आए थे।

प्रिंस विलियम ने किया करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस का दौरा

पीएम मोदी से दिल्ली में मुलाकात से पहले ब्रिटेन के प्रिंस विलियम ने मुंबई में फिल्ममेकर करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस का दौरा किया। करीब 45 मिनट के इस दौरे में अभिनेता सैफ अली खान, करीना कपूर और कंपनी के सीईओ अपूर्व मेहता भी मौजूद रहे। इस दौरान कलाकारों ने ‘कभी खुशी कभी गम’ के गानों ‘से शावा शावा’ और ‘बोले चूड़ियां’ पर प्रस्तुति दी।

करण ने भारतीय सिनेमा की वैश्विक लोकप्रियता, ‘आरआरआर’ और ‘बाहुबली’ की सफलता पर चर्चा की। उन्होंने प्रिंस से ‘कभी खुशी कभी गम’ देखने का आग्रह किया। करण के अनुसार, प्रिंस ने फिल्म देखने का वादा किया है।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)