एएनआई, गुवाहाटी। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी केवल मॉक संसद में ही प्रधानमंत्री बन सकते हैं, जबकि वास्तविक संसद में नरेन्द्र मोदी ही प्रधानमंत्री बने रहेंगे।
हिमंत बिस्वा सरमा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आईएनडीआईए गठबंधन द्वारा पारित प्रतीकात्मक महाभियोग प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया देते हुए विपक्ष पर कटाक्ष किया।
उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने के कई प्रयास किए, लेकिन सभी असफल रहे। इसके बाद खरगे के आवास पर माक संसद आयोजित की गई, जहां राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाया गया।
सरमा की यह टिप्पणी चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर भाजपा और विपक्ष के बीच जारी राजनीतिक टकराव के बीच आई है।
गौरतलब है कि आइएनडीआइए गठबंधन ने शनिवार को दिल्ली में माक संसद आयोजित कर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रतीकात्मक महाभियोग प्रस्ताव पारित किया था।
इसके बाद रविवार को रामलीला मैदान में विशाल रैली आयोजित की गई, जिसमें राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, ममता बनर्जी और अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेता शामिल हुए।
