रिपोर्ट:गजेन्द्र गुप्ता,व्यूरो महराजगंज
झूलनीपुर / महराजगंज — प्यार की जिद और समाज की दीवारों के बीच उलझी एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रविवार की सुबह जब लोग अपनी दैनिक सुस्ती तोड़ रहे थे, तभी एक गांव में ऐसा हाई-वोल्टेज ड्रामा शुरू हुआ, जिसने देखने वालों के रोंगटे खड़े कर दिए। प्रेम विवाह की जिद पर अड़ी एक नाबालिग किशोरी मोबाइल टॉवर पर जा चढ़ी और नीचे कूदकर जान देने की धमकी देने लगी। इस सनसनीखेज घटना ने न केवल परिजनों को पसीने से तर-बतर कर दिया, बल्कि पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।
क्या थी पूरी घटना?
झूलनीपुर के निचलौल थाना क्षेत्र के बठवलिया गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब सुबह-सुबह ग्रामीणों ने एक किशोरी को मोबाइल टॉवर की ऊंचाइयों पर बैठे देखा। जानकारी के मुताबिक, किशोरी का प्रेम प्रसंग शीशगढ़ निवासी एक युवक से चल रहा था। दोनों के बीच लम्बे समय से बातचीत का सिलसिला जारी था और किशोरी उसी युवक के साथ अपने जीवन की नई शुरुआत करना चाहती थी।
लेकिन मोहब्बत की इस राह में समाज और परिवार की बंदिशें आड़े आ गईं। युवक के गैर बिरादरी का होने के कारण परिजन इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे। अपनों की असहमति और विरोध से आहत किशोरी ने अपनी जिद मनवाने के लिए एक खौफनाक रास्ता चुना। रविवार की सुबह करीब पांच बजे वह शौच के बहाने घर से निकली और सीधे मोबाइल टॉवर पर जा पहुंची।
टॉवर पर चीखती किशोरी और सहमे लोग
टॉवर की ऊंचाई पर बैठी किशोरी लगातार यही रट लगाए हुए थी कि उसकी शादी उसी युवक से कराई जाए। उसकी हर एक हरकत के साथ नीचे खड़े परिजनों और ग्रामीणों की सांसें अटक रही थीं, क्योंकि वह मांग पूरी न होने पर छलांग लगाने की धमकी दे रही थी।
देखते ही देखते घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी तत्काल मौके पर आनन-फानन में पहुंच गई। पुलिस ने परिजनों के साथ मिलकर सूझबूझ और धैर्य का परिचय दिया। घंटों चली कड़ी मशक्कत और मान-मव्वल के बाद आखिरकार पुलिस और परिजनों के प्रयास रंग लाए। किशोरी को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया, जिसके बाद सभी ने राहत की सांस ली।
फिलहाल, पुलिस किशोरी को अपने साथ थाने ले गई है, जहां उससे पूरे मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है और उचित कानूनी व परामर्श प्रक्रिया अपनाई जा रही है। यह घटना इस बात का गहरा प्रमाण है किशोरावस्था की उथल-पुथल और सामाजिक ताने-बाने के बीच संवाद की कमी किस हद तक खतरनाक मोड़ ले सकती है।