नगर थाना क्षेत्र में बाइक की टक्कर से घायल राजमणि उपाध्याय (58) की इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
तहरीर के मुताबिक, 3 नवंबर को राजमणि मोटरसाइकिल से नगर बाजार जा रहे थे। हथिया गांव के पास सड़क किनारे रुकने पर पोखरनी चौराहे की ओर से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें टक्कर मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोग उन्हें जिला अस्पताल बस्ती ले गए। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें कैली अस्पताल भेजा गया। हालत गंभीर होने पर वहां से लखनऊ रेफर किया गया। परिजनों ने 4 नवंबर को उन्हें लखनऊ के आईकॉन अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान 9 नवंबर को सुबह करीब 5:30 बजे उनकी मौत हो गई।
राजमणि की पत्नी ने 14 नवंबर को थाने में प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।
थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।