महराजगंज में एक युवती अपने प्रेमी से शादी करने की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ गई। निचलौल थाना क्षेत्र के बैठवलिया गांव सुबह करीब 5 बजे हुई युवती को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने काफी समझाने के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया। बहन के पति से शादी कराना चाहता था परिवार परिजनों ने बताया कि युवती की बड़ी बहन की मौत हो चुकी है। इसके बाद परिवार के लोग उसकी शादी बहन के पति से कराना चाहते थे। युवती इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थी। वह किसी दूसरे युवक से शादी करना चाहती थी। इसी बात को लेकर परिवार और युवती के बीच असहमति थी। इंस्टाग्राम के जरिए शुरू हुआ था प्रेम संबंध युवती की मुलाकात इंस्टाग्राम के जरिए एक युवक से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे प्रेम संबंध हो गया। युवती उसी युवक से शादी करना चाहती थी। अपनी मांग मनवाने के लिए वह रविवार सुबह मोबाइल टावर पर चढ़ गई। पुलिस ने समझाकर सुरक्षित नीचे उतारा युवती के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर निचलौल पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को काफी देर तक समझाया। पुलिस के प्रयासों के बाद युवती सुरक्षित नीचे उतर आई। इसके बाद उसे पूछताछ के लिए बहुआर पुलिस चौकी ले जाया गया। निचलौल थाना प्रभारी योगेंद्र राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।